यमुना व यमराज भाई-बहन हैं और इसीलिए यमपाश से मुक्ति के लिए भाई व बहन द्वारा यमुना नदी में एकसाथ स्नान करने का विधान हैं। माना जाता है कि कार्तिक द्वितीया यानी भैया दूज के दिन यमुना नदी में स्नान करने से यमराज के भय से छुटकारा प्राप्त होता है।
यह त्योहार भाई-बहनों के स्नेह में वृद्धि करने वाला है। इस दिन भाई-बहन का साथ-साथ यमुना में स्नान विशेष फलदायी माना जाता है। बहनें अपने भाइयों की दीर्घायु की कामना यमराज से करती हैं। कहा जाता है कि यदि यम द्वितीया को यमुना के किनारे भाई बहन के हाथ का बना भोजन करे तो उससे भाई की आयु की वृद्धि होती है और बहन के सौभाग्य की रक्षा होती है। बहन इस दिन भाई को टीका लगाकर गोला प्रदान करती है। भाई बहन के लिए वस्त्र, रुपये आदि भेंट में देते हैं।
यह भी पढ़ें :भैया दूज त्योहार पर पूजा की पूरी विधि
इस त्योहार को लेकर प्रचलित कथा के अनुसार, भगवान सूर्य की पत्नी का नाम संज्ञा देवी था। संज्ञा के एक पुत्र यमराज और पुत्री यमुना हुई। संज्ञा अपने पति सूर्य देव की किरणों की तीव्र उष्मा को न सह सकने के कारण उत्तरी ध्रुव प्रदेश में छाया बनकर रहने लगी। छाया से ताप्ती नदी और शनिदेव का जन्म हुआ। संज्ञा से बाद में अश्विनी कुमार उत्पन्न हुए जो देवताओं के वैद्य कहलाए। छाया बनकर रहने वाली संज्ञा देवी यमुना और यमराज से सौतेला व्यवहार करने लगी। इससे खिन्न होकर यम ने अपनी एक नई नगरी यमपुरी बसाई। यमुना ने जब देखा कि माता के व्यवहार से क्षुब्ध होकर भाई यमराज यहां से चले गए हैं तो यमुना भी मां का निवास त्यागकर विश्राम घाट पर आकर रहने लगीं।
समय बीतने पर जब यमराज को अपनी बहन यमुना की याद आई तो उसे तलाशने के लिए दूतों को भेजा। यमदूत यमुना को खोजते-खोजते मथुरा आए। उन्हें फिर भी यमुना का पता नहीं लगा तो वे खोजते-खोजते विश्रामघाट पहुंचे। यमुना को जब यह बात पता चली कि उनके भाई यमराज आए हैं तो यमुना अपने भाई का स्वागत किया और उन्हें महल में ले जाकर भोजन कराया। तब भाई ने बहन के सत्कार से प्रसन्न होकर वरदान मांगने को कहा। यमुना ने कहा कि मेरी कोई कामना नहीं है, मुझे कुछ नहीं चाहिए। लेकिन, भाई के बारंबार आग्रह पर यमुना ने कहा कि आज के दिन जो नर-नारी मेरे जल में स्नान करें वे यमलोक से मुक्त हो जाएं। यमुना द्वारा यह वरदान मांगने पर यमराज चिन्ता में पड़ गए और विचार करने लगे कि यदि मैंने अपनी बहन का मांगा वरदान उसे दे दिया तो यमलोक ही उजड़ जाएगा। सारे पापी एक दिन के स्नान से ही यमलोक जाने से बच जाएंगे। यमराज को चिन्तित हुआ देखकर यमुना ने युक्ति निकाली और यमराज से कहा कि तुम मेरा मांगा हुआ वर देने में हिचकिचा रहे हो तो यह वर दो कि आज के दिन जो भाई अपने घर भोजन न करके बहन के साथ यहां भोजन करे व बहन के साथ इसी घाट पर स्नान करे तो वह यमपुरी न जाए। यमुना के ऐसा कहने पर यमराज ने ‘तथास्तु’ कह दिया।
मथुरा में यमुना नदी के विश्राम घाट पर यमराज का एक मन्दिर है। संभवत: विश्व में यमराज का यह अकेला मन्दिर है। यम द्वितीया वाले दिन इस मन्दिर में लाखों लोग दर्शनार्थ आते हैं और अपने मंगल की कामना करते हैं। आदि बाराह पुराण के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने कंस का वध करके यमुना में स्नान करने के पश्चात इस स्थान पर विश्राम किया था। यहां की संध्या आरती देखने लायक होती है। विश्राम घाट के ही निकट वसुदेव-देवकी मंदिर, कृष्ण-बल्देव मंदिर, मुकुट मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर, यमुना-धर्मराज तथाहनुमान जी का मंदिर भी विद्यमान है।
Related Items
कार्तिक का वह महीना जब कृष्ण कहलाने लगे ‘दामोदर’...
पितृपक्ष, पितरों की मुक्ति और पुनर्जन्म का अद्भुत रहस्य
ताजमहल और यमुना को बचाने के लिए कई परियोजनाओं को मंजूरी