मथुरा । नौहझील थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे किमी संख्या 74 शनिवार रात्रि बाइक सवार बाप बेटे को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली के प्रताप नगर निवासी मुन्ना सिंह अपने बेटे अक्षय कुमार के साथ अपनी हीरो होंडा स्पेंल्डर बाइक से आगरा से दिल्ली जा रहे थे। जैसे ही वह नौहझील क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे के किमी संख्या 74 के पास पहुंचे तभी अज्ञात वाहन ने उनमें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता पुत्र बाइक समेत दूर जा गिरे। दुर्घटना देख कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने यमुना एक्सप्रेस-वे कर्मी व पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पर नौहझील पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही बाप बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों के पास से मिले मोबाइल व पहचान पत्रों के जरिये उनकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी। दुर्घटना में बाप बेटे की मौत की सूचना पर घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।





