शिविरों में विद्यार्थी बनेंगे विभिन्न विधाओं में पारंगत
मथुरा। जनपद की प्रमुख शिक्षण संस्था अमर नाथ विद्या आश्रम में तैराकी की प्रतियोगिताओं के साथ ही विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों तथा अन्य विधओं का प्रशिक्षण प्रदान करने के लिये विशेष रूप से ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर आयोजित हो रहे हैं। इस सम्बन्ध में विद्यालय के उप प्रधनाचार्य डा. अनिल वाजपेयी ने बताया ग्रीष्मावकाश में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास करने तथा उन्हें पारंगत बनाने के लिये तैराकी, राष्ट्रीय खेल हाॅकी, फुटबाॅल, क्रिकेट, संतुलन के साथ स्केटिंग व जिमनास्टिक, उत्तम स्वास्थ्य के लिये योगा, आत्मरक्षा हेतु जूड़ो-कराटे, भारतीय तथा पाश्चात्य नृत्यकला, अभिनय कला, रंगोली, चित्रकला, गायन तथा विभिन्न वाद्ययंत्रों सिखाना, अंग्रेेजी तथा फ्रैंच भाषा का ज्ञान, पाक-कला, मेहन्दी, क्राॅफ्ट वर्क में हस्तनिर्मित वस्तुओं का निर्माण, कम्प्यूटर की बेसिक्स तथा हाॅर्स राइडिंग घुड़सवारी आदि का प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रशासनिक अधिकारी डा. अरूण कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण शिविरों में विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिये विद्यालय के शिक्षकों के अतिरिक्त दिल्ली, आगरा से अनुभवी प्रशिक्षकों को बुलाया गया है जो विद्यार्थियों को शिविरों में हर विद्या में पारंगत बनायेंगे। उन्होंने बताया कि सभी प्रशिक्षण शिविरों में उच्चकोटि के वाद्ययंत्र व अन्य प्रशिक्षण सामग्री की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविरों के पश्चात् विद्यार्थियों के मध्य प्रतियोगितायें आयोजित कराईं जायेंगी, जिनमें विजेताओं को पुरस्कृत किया जायेगा। प्रधानाचार्य डा. आदित्य कुमार वाजपेयी ने कहा कि हर बच्चे में प्रतिभा का भण्डार होता है, जिसे बाहर लाने के लिये सही मंच की आवश्यकता होती है, विद्या आश्रम परिवार बालक बालिकाओं को अपने कौशल का प्रदर्शन करने के लिये ऐसा ही मंच प्रदान करने की कोशिश कर रहा है ताकि इन प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास भी हो सके।





