परिजनों ने काटा हंगामा
क्लीनिक संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मथुरा। बलदेव कस्बे में संचालित एक क्लीनिक में अपना इलाज करा रही गर्भवती महिला की डाॅक्टरों की लापरवाही के चलते मौत हो गयी। इसे लेकर परिजनों ने काफी हंगामा काटा और क्लीनिक संचालक के खिलाफ थाना बलदेव में रिपोर्ट दर्ज करायी है।
जानकारी के अनुसार बलदेव के गांव लोहरा अवैरनी के रहने वाले नारायन सिंह की 23 वर्षीय पत्नी मंजू गर्भवती थी और इसका इलाज बलदेव में स्थित लव क्लीनिक पर चल रहा था। कई दिन से विवाहिता को डाॅक्टरों ने क्लीनिक में भर्ती कर रखा था। बताते हैं कि कल शाम कोई गलत दवा देने के कारण अचानक विवाहिता की हालत बिगड़ गयी और कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। मृतका की मौत की खबर लगते ही परिवारीजनों में आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना पर परिजन भी मौके पर इकटठा हो गये। परिजनों ने मृतका की मौत पर जमकर हंगामा काटा। इस संबंध में मृतका के पति नारायन सिंह ने क्लीनिक संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है।





