सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन को स्मृति चिन्ह भेंट करते बल्देव चेयरमैन रामकृष्ण वर्मा, सपा जिलाध्यक्ष तुलसीराम शर्मा आदि
बल्देव। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन ने दाऊजी महाराज के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। इसके पश्चात् बल्देव चेयरमैन रामकृष्ण वर्मा के आवास पर आयोजित एक पत्रकार वार्ता को भी संबोधित किया। श्री सुमन ने कहा कि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की कथनी-करनी में कोई अंतर नहीं है। सपा शासन काल में उत्तर प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के हर जगह समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। पूर्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने समस्त चुनावी वायदों को पूरा किया है, सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर तबके को मिल रहा है। उन्होंने जनपद के सपा कार्यकर्ताओं से सपा सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का जोर-शोर से प्रचार-प्रसार करने की अपील की। इस अवसर पर चेयरमैन बल्देव रामकृष्ण वर्मा ने बल्देव के विकास के लिए मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक मांग पत्र सपा महासचिव रामजीलाल सुमन को सौंपा। श्री सुमन ने भी बल्देव के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष तुलसीराम शर्मा, सपा नेता चंदो पहलवान, भारत भूषण शर्मा, चेयरमैन प्रतिनिधि नवीन वर्मा, सोनदेव पांडे, राजेंद्र राजपूत, गोकुलेश पांडे, नकुल राजावत, राजेंद्र पांडे आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।





