मथुरा। अपर जिलाधिकारी प्रशासन धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने सम्बन्धित सभी विभागों के अधिकारियों से कहा है कि उद्यमियों की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाय जिससे उद्योग सफलता पूर्वक संचालित हों।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उद्योग बन्धु की बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र में बिजली के केबिल डालने के लिए खोदे गये गढ्ढे को भरवाने की मांग की थी जो अभी तक भरा नहीं गया है। श्री सिंह ने गढ्ढों को तत्काल भरवाने के लिए नगर पालिका को निर्देशित करते हुए कहा कि उनके द्वारा अब तक ऐसे कितने गढ्ढों को भरवाया गया है उसकी सूची उपलब्ध कराई जाय ताकि उसका सत्यापन भी कराया जा सके। औद्योगिक संस्थान के साइट-फोर में हुए अवैध कनेक्शन हटाये जाने के सम्बन्ध में यह निर्णय लिया गया कि औद्योगिक विकास निगम द्वारा अवैध कनेक्शन हटाये जाने का पत्र दें तथा बिजली विभाग कनेक्शन को तत्काल हटवाये। उद्यमियों द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था दुरूस्त कराने की मांग भी की गई जिसे तत्काल सफाई कराये जाने के लिए नगर पालिका को निर्देश दिया गया। उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा के लिए अलग से पुलिस की व्यवस्था किये जाने की मांग की। जिस पर यह निर्णय लिया गया कि उद्यमी लिखित रूप से इस मांग को फोर्म में प्रस्तुत करें। बैठक में उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार शर्मा, सहायक आयुक्त वीके सिंह, अधिशासी अभिंयता विद्युत लोकेश कुमार सहित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर पालिका, औद्योगिक विकास निगम व अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।





