मथुरा। शहर कोतवाली पुलिस ने एटीएम कार्ड चोरी कर व कोड नं. हैक कर एटीएम से रुपए उड़ाने वाले दो जालसाझों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डेढ़ दर्जन एटीएम कार्ड एवं तीन हजार रुपए की नगदी बरामद की है।
ज्ञात रहे शहर में एटीएम द्वारा लोगों के खाते से रुपए पार करने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही थी, एसएसपी डा. राकेश सिंह ने कोतवाली पुलिस को शहर में हो रही एटीएम से धोखाधड़ी की वारदातों पर अंकुश लगाने व जालसाझों को दबोचने की जिम्मेदारी सौंपी थी, इसी के चलते बीतीरात शहर के नए बस स्टैण्ड से कोतवाली प्रभारी चन्द्रभान सिंह ने मुखबिर की सूचना पर पुलिसबल की मदद से दो युवकों को दबोच लिया। जिनके पास से तलाशी मेें 18 एटीएम कार्ड जो विभिन्न बैंकों के थे, एवं तीन हजार रुपए की नगदी बरामद हुई। पकड़े गए युवकों की शिनाख्त कृष्णकांत पुत्र जमनलाल शर्मा निवासी पाण्डे मौहल्ला कस्बा व थाना डीग जिला भरतपुर राजस्थान एवं मनोज पुत्र बलराम सिंह निवासी मलसराय थाना गोवर्धन मथुरा के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों ही अपराधियों से की गई पूछताछ में खुलासा किया है कि उन्होंने कोतवाली क्षेत्र में की गई एटीएम से धोखाधड़ी की तीन घटनाओं का इकबाल किया है। इन तीनों के मुकद्में पीडि़तों द्वारा कोतवाली में दर्ज कराए गए थे।





