कोर्ट संख्या 6 में लगी आग के बाद जली पड़ी फाइलें और जांच करते पुलिस के अधिकारी
डीजे ने विभागीय जांच के आदेश दिये
मथुरा। आज जिला मुख्यालय स्थित कोर्ट संख्या 6 में आग लग जाने से कई फाइलंे जलकर राख हो गयीं। बमुश्किल आग पर काबू पाया गया। घटना के सम्बन्ध में किसी सिरफिरे की करतूत सामने आ रही है। थाना सदर में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गयी है। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब नौ बजे स्वीपर इतवारी पुत्र अन्नो निवासी ओम नगर सफाई के लिए कलैक्ट्रेट न्यायालय परिसर स्थित कोर्ट संख्या 6 के समीप पंहुचा, तभी उसे कक्ष में से धुंआ और गंध आती दिखाई दी।
इसकी सूचना तुरंत उसने अपर जिला जज विजेन्द्रमणि त्रिपाठी को दी। सूचना पर तुरंत एडीजे न्यायालय परिसर पंहुच गये। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। सूचना पर एसएसपी डा. राकेश सिंह, एसपी सिटी और एसपी क्राइम घटनास्थल पर पंहुच गये और उन्होंने बारीकी से उसकी छानबीन की। चर्चा थी कि यह आग पूर्व नियोजित षडयंत्र के तहत लगायी गयी है। क्यांेकि पुलिस को वहां से एक माचिस और जली हुयी तीन तीलियां भी मिली हैं। इससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी अपराधिक फाइल को क्षति पंहुचाने के लिए यह कार्य किया गया है। बताते हैं कि स्वीपर को न्यायालय के बराबर कार्यालय का ताला भी खुला मिला जिसकी चाबी न्यायालय के किसी बाबू पर बतायी जाती है। चपरासी धर्मेन्द्र और रमेश भी वहां पर पंहुच गये। चर्चा थी कि चाबी रमेश के पास थी। इस संबंध में जिला जज ने मुकदमा दर्ज कराकर इसकी विभागीय जांच भी कराये जाने को कहा है। घटना के सम्बन्ध में एसएसपी राकेश सिंह का कहना है कि मामला संगीन है। महत्वपूर्ण दस्तावेजों को नष्ट करने की साजिश भी हो सकती है। सारे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाये जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। मामले की जांच में सीओ सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी जुटे हैं।





