मथुरा। अवैध रूप से हिन्दू धर्म की आराध्या गाय की कसाईयो से रक्षा में जुटी गौ रक्षक सेना ने बीती रात मुखबिर की सूचना पर हथिया गांव से राजस्थान के जंगल के रास्ते पर घेराबंदी कर गौ तस्करों के चंगुल से 6 गायों को मुक्त कराया है। मुखबिर की सूचना पर तस्करों की घेराबन्दी कर गौ रक्षको ने इन गौ वंशों को तस्करों से मुक्त कराया है। लेकिन गौ तस्कर रात और जंगली क्षेत्र होने का फायदा उठा कर भाग निकले।
विदित हो की गिरिराज धाम गोवर्धन में गौ रक्षा को जुटी गौ रक्षक सेना की टीम को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि गौ तस्करों का एक दल थाना क्षेत्र बरसाना के गांव हथिया से गौ वंश के एक दल को काटने के लिए जंगलों के रास्ते से राजस्थान के मेवात क्षेत्र के देहात में ले जा रहे है। जहाँ इन गौ वंशो को निर्दयता के साथ काट दिया जायेगा। इस सूचना पर गौ रक्षक सेना के संरक्षक सदस्य एवं परम गौ रक्षक श्री गोपेश बाबा के सानिध्य में उनके साथ गौ रक्षक सेना गोवर्धन के अध्यक्ष धीरज, आशू, भगवान सिंह, गोविन्द दास आदि सदस्यों के अलावा उसी राजस्थानी देहात क्षेत्र के करीब दर्जन भर गौ रक्षक गौ माता की रक्षा के लिए इस मुहिम में कुछ कर गुजरने के लिए जुट गए। सभी ने आपसी सहयोग से बॉर्डर के सीमावर्ती गाँवो में मोर्चाबंदी कर ली और गौ तस्करों के काफिले का इंतजार किया। जंगलो के रास्तों में काफी देर तक इंतजार करने के बाद मुखबिर की सटीक सूचना के अनुसार जैसे ही तस्करों का दल वहां आया तो गौ रक्षको ने उन्हें रुकने को बोला। इस पर उन्होंने बिना कुछ सोचे समझे सीधे फायरिंग खोल दी और गायो के दल को भगा कर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। इस पर गौ रक्षक सेना के साथ आये ग्रामीणों ने भी बदमाशों पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गौ तस्करो से करीब 2 दर्जन राउण्ड फायरिंग हुई। दोनों ओर से जंगलो में हुई इस फायरिंग से राजस्थान का जंगल दहल उठा। लेकिन गौ तस्कर मौका देखकर भाग जाने में सफल रहे। इस घटना के बाद फायरिंग आवाजें सुन कर इधर उधर भागी 6 गायो को गौ रक्षको ने एकत्रित कर लिया और उन्हें नजदीकी गौशाला में भेज दिया गया। वही गौ रक्षकों ने देर रात्रि में एक नजदीकी गांव में आश्रय लिया और और सुबह अपने अपने घर लौटें।





