दो दिवसीय किसान सम्मान मेले को संबोधित करते जिलाधिकारी राजेश कुमार
कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए कृषक नई तकनीक अपनायें
सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए कृषक पंजीयन करायें: सीडीओ
मथुरा। जिलाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि किसानों की तरक्की पर ही देश की तरक्की निर्भर करती है इसके लिए किसानों को कृषि उत्पादकता बढ़ानी होगी और यह तभी सम्भव है जब किसान नई तकनीक को अपनाये। श्री कुमार आज यहाॅ उप कृषि निदेशक कार्यालय के प्रांगण में पूर्व प्रधानमंत्री व किसानों के मसीहा चैधरी चरण सिंह के 113वें जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय किसान मेले का उद्घाटन कर किसानों को सम्बोधित कर रहे है।
श्री कुमार ने कहा कि कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए किसानों को अपनी सोच बदलनी होगी। किसान अपने खेतों में आवश्यकता से अधिक रासायनिक खादों का प्रयोग करते हैं और दाना निकाल कर फसल के अवशेष को उर्वरकता बढ़ाने के दृष्टिकोण से खेतों में ही जला देतें हैं जबकि ऐसा करने से खेतों की उर्वरा शक्ति कम हो जाती है। उन्होंने कहा कि किसानों को जागरूक किये जाने की आवश्यकता है ताकि किसान अधिक से अधिक संख्या में मृदा परीक्षण करायें। ऐसा करने से यह पता चल जायेगा कि मिट्टी में किस तत्व की कमी है और इस मिट्टी में कौन सी फसल को उगाना अधिक लाभकारी होगा। उन्होंने कहा कि मृदा परीक्षण से किसानों को कम लागत से अधिक उपज प्राप्त होगी जो किसानों के लिए लाभकारी शाबित होगा।
श्री कुमार ने कहा कि अधिक रासायनिक खादों का प्रयोग करने से खाद्यान्नों में पेस्टीसाइड की मात्रा अधिक हो जाती है जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होती है तथा अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में ऐसे उत्पाद को या तो खरीदा ही नहीं जाता है या कम कीमत दी जाती है। उन्होंने कहा कि खेतों में फसलांें के अवशेष को जलाने से पशुओं के चारे की समस्या उत्पन्न हो जाती है जिससे पशुपालन प्रभावित होता है और कम्पोस्ट खाद की उपलब्धता कम हो जाती है तथा फसलों की उत्पादकता भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर मण्डी न होने के कारण किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता है जिसका फायदा बिचैलिये उठाते हैं। इसीलिए वर्तमान सरकार मार्केटिंग को लेकर गंम्भीर है और जनपद स्तर पर मण्डी स्थल बनाये जाने पर बल दे रही है ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
श्री कुमार ने कहा कि चुनाव समाप्त हो चुका है। अब प्रत्येक माह कि तीसरे बुधवार को जनपद स्तर पर किसान दिवस का आयोजन शुरू होगा। किसान भाई किसान दिवस में आयें और कृषि से सम्बन्धित अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों से सीधा सवाल कर अपना जवाव प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार भी चाहती है कि किसान सीधा सम्वंाद स्थापित करें ताकि मौके पर ही उनके सवालों का जववा मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि सरकार किसानों के लिए कृषि डायरेक्ट बेनीफिट योजना चला रही है जिसके लिए किसानों को अपना पंजीयन कराना होगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत पंजीकृत किसानों को सरकार द्वारा दी जा रही छूट सीधा उनके खाते में जायेगी और वे बिचैलियों से बच जायेंगे। उन्होंने कहा इस मेले के माध्यम से किसानों को नई कृषि तकनीक की जानकारी दी जा रही है जिसको अपनाकर किसान अपनी उत्पादकता को बढ़ाने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि आज जिलाधिकारी द्वारा जनपद के प्रगतशील किसानों को अलग-अलग खाद्यान्नों में अधिक उत्पादकता के लिए पुरस्कृत किया गया है। इस मेले की सफलता तभी सार्थक होगी जब नई तकनीक का फायदा उठाकर अगले साल पुरस्कार लेने वाले किसानों की लाइन लग जाय। अन्त में उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठानें के लिए अधिक से अधिक किसान अपना पंजीयन करायें। इस मेले में सरकारी तथा गैर सरकारी कृषि संस्थाओं द्वारा अपने स्टाॅल लगाकर कृषि तकनीक की जानकारी दी गयी।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक राकेश बाबू, उप कृषि निदेशक उद्यान, जिला कृषि अधिकारी प्रमोद कुमार, जिला उद्यान अधिकारी महेश कुमार सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी व कृषि वैज्ञानिक, गोवर्धन क्षेत्र के सपा अध्यक्ष मुकेश सिकरवार, किसान नेता बुद्धा सिंह सहित भारी संख्या में किसान उपस्थित थे।





