
मथुरा। बृज के होनहार छात्र ने समूचे मथुरा जिले को गौरवान्वित कर दिया है। केन्द्रीय विद्यालय मथुरा छावनी कक्षा 12 विज्ञान वर्ग के छात्र मयंक भारद्वाज ने भारत स्काउट एवं गाइड के क्षेत्र में सर्वोच्च राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त कर जिले एवं विद्यालय का नाम रोशन किया है। देश के समस्त विद्यालयों में सदियों से भारत स्काउट एवं गाइड संगठन की पहचान एक अत्यन्त अनुशासित, समर्पित एवं सेवा भाव की भावना से सुसंगत एक संगठन के रूप में की जाती है। जो कि छात्र छात्राओं में अनुशासन एवं त्याग की भावना भरने हेतु कटिबद्व है। विद्यार्थियों को बढ़ावा देने हेतु प्रथम सोपान, द्वितीय सोपान, तृतीय सोपान, राज्य सोपान और अन्त में सर्वोच्च राष्ट्रपति पुरस्कार से नवाजा जाता है। उक्त पुरस्कारों को प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को विभिन्न स्तरों पर अत्यन्त सघन प्रशिक्षण एवं परीक्षण के उपरान्त सर्वोच्च राष्ट्रपति पुरस्कार का चयन होता है। इस वर्ष देश के समस्त केन्द्रीय विद्यालयों के स्काउट एवं गाइड छात्रों में से प्रशिक्षण के उपरान्त केन्द्रीय विद्यालय, मथुरा छावनी के छात्र मयंक भारद्वाज को इस विशिष्ट पुरस्कार के लिए चुना गया। 16 फरवरी को राष्ट्रपति भवन के अशोक हाॅल में आयोजित एक रंगारंग कार्यक्रम के दौरान महामहिम राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने छात्र मयंक भारद्वाज को पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के अलावा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के स्काउट गाइड उपस्थित रहे। छात्र की इस विशिष्ट उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य जीबी पाण्डेय एवं समस्त शिक्षकगण छात्र छात्राओं के साथ परिवारीजनों में अपार हर्ष की लहर दौड़ रही है। सदर बाजार निवासी मयंक भारद्वाज पूर्व प्राचार्य एवं शिक्षा निदेशक स्व0 आरबी भारद्वाज के पौत्र हैं, इनके पिता राजेन्द्र प्रसाद भारद्वाज शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं।






Related Items
सबकी चेहती अक्षरा जल्द देंगी GOOD NEWS