के0डी0 डेन्टल काॅलेज में विकलांगजन उपकरण वितरण समारोह आयोजन

विकलांग जनों के सशक्तीकरण के लिए जन भागीदारी अति आवश्यक थावरचन्द 

मथुरा,18 अगस्त। भारत सरकार के मा0 मंत्री सामाजिक न्याय और अधिकारिता श्री थावर चन्द गहलोत ने कहा कि विकलांग जनों के सशक्तीकरण के लिए जन भागीदारी अतिआवश्यक है। आज विकलांगजन प्रत्येक क्षेत्र में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और सफलता हासिल कर रहे हैं। श्री गहलोत आज यहाॅ के0डी0 डेन्टल काॅलेज एवं हाॅस्पीटल के आॅडीटोरियम में सामाजिक अधिकारिता एवं विकलांगजन उपकरण वितरण समारोह में बोल रहे थे।

श्री गहलोत ने कहा कि भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में विकलांगजनों को शक्तिशाली बनाने के लिए छात्रवृत्ति दी जा रही है तथा विदेशों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए कम से कम ब्याज दर पर ऋण देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि 80 प्रतिशत से ज्यादा ऐसे विकलांगजन जो चल नहीं सकते उनके लिए बैट्रीचालित साइकिल की व्यवस्था की गई जिसको चीन से मंगाया गया है। इस साइकिल के माध्यम से विकलांग मोहल्लों में घूमकर पेपर, दूध व अन्य सामग्री बेचकर अपना व अपने परिवार का जीवकोपार्जन कर सकते है। उन्होंने कहा कि 07 वर्ष से कम ऐसे विकलांग बच्चे जो बिल्कुल सुन नहीं सकते उनके लिए एक ऐसे लेंन्स की व्यवस्था की गई है जिसे आपरेशन से कान के पास स्थापित करने से बच्चा सुनने व बोलने लगता है। उन्होंने कहा कि यह एक नई योजना है और 07 वर्ष तक के ऐसे विकलांग बच्चों के लिए ज्यादा उपयोगी सिद्ध हुई है।

मा0 मंत्री जी ने कहा कि जर्मनी की संस्था से अनुबन्ध कर ऐसी टेक्नोलाॅजी का आदान-प्रदान किया जा रहा है जिसके द्वारा इलेक्ट्रोनिक हाथ आदि बनाकर लगाया जायेगा जो समुचित ढ़ंग से कार्य करेगा। इस दिशा में आगे और ज्यादा प्रगति दिखाई देगी। इस अवसर पर बोलते हुए मा0 राज्यमंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि विकलांगजनों को सशक्त बनाने व समाज की 

मुख्य धारा से जोड़ने के लिए कई कदम उठाये जा रहे हैं। विकलांगजनो के लिए आधुनिक एवं कारगर सहायक उपकरणों का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह व्यवस्था संपूर्ण भारत में चलाई जा रही हैं। इस अवसर पर बोलते हुए मा0 सांसद श्रीमती हेमा मालिनी ने कहा कि मथुरा के विकलांगजन मुझसे मिले और सहायता की मांग की। 

मैंने मंत्री जी से मथुरा के विकलांगजनों को उपकरण देने की बात कही और वे इसके लिए तुरन्त तैयार हो गये और आज उनकी कृपा से मथुरा के विकलांगजनों की सहायता किया जाना सम्भव हो पाया। उन्होंने यह भी कहा कि जिन विकलांगजनों को उपकरणों की सहायता नहीं हो पाई है वे अपना विकलांग प्रमाण पत्र बनवाकर 

रजिस्टेªशन करवा लें उन्हें भी उपकरण दिये जायेंगे। इस अवसर पर सचिव लव वर्मा व संयुक्त सचिव श्री अवनीश कुमार अवस्थी, सी0एम0डी0 भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम श्री डी0आर0 सरीन तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री जयशंकर मिश्रा ने अपने विचार व्यक्त किये तथा विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया।

आज के इस शिविर में कुल 1011 पात्र लाभार्थियों को कुल 1663 उपकरण वितरित किये गये। मा0 मंत्री सहित विशिष्ट अतिथियों ने टोकन के रूप में 15 उपकरण वितरण किये। इस अवसर पर 10 बैट्रीचालित ट्राइसाइकिल, 88 व्हीलचेयर, 780 ट्राई साइकिल, 593 क्रूचेज, 99 वाॅकिंग स्टिक, 17 सुनने की मशीन तथा 70 प्रोसथेटिक्स व आर्थोटिक्स उपकरण वितरित किये गये।

इस अवसर पर कल्याणं करोति की छात्र-छात्राओं द्वारा गांधी जी का भजन व राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया जिस पर मूक-बधिर छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। एलिम्को की तरफ से दोनों टीमों को पांच-पांच हजार के पुरस्कार दिये गये। 

समारोह में नगर मजिस्ट्रेट श्री विजय कुमार, उप जिलाधिकारी महावन श्री चन्द्र विजय सिंह, जिला विकास अधिकारी श्री उमेश त्यागी, विकलांग कल्याण अधिकारी श्री श्याम सुन्दर इकनौरिया तथा उप मुख्य चिकित्साधिकारी, भाजपा के जिलाध्यक्ष डा0 डी0पी0 गोयल, अध्यक्षा नगर पालिका श्रीमती मनीषा गुप्ता सहित अन्य विभागों के अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति तथा विकलांगजन उपस्थित थे।


Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login






Mediabharti