गणतंत्र दिवस पर आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

मथुरा। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार अवस्थी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के सभागार में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया गया जिसमें गणतंत्र दिवस को समारोह पूर्वक मनाने हेतु विचार विमर्श किया गया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि स्कूली बच्चों द्वारा प्रातः 07 बजे से प्रभात फेरी निकाली जायेगी। यह प्रभात फेरी शहीद स्तम्भ विकास बाजार से प्रारम्भ होकर डैम्पियर नगर, होलीगेट, कोतवाली रोड़, भूतेश्वर होती हुई वापस अपने उद्गम स्थान पर समाप्त होगी। इस प्रभात फेरी में सभी शिक्षण संस्था के छात्र एवं सम्भ्रान्त नागरिक भाग लेंगे। इसके संयोजक जिला विद्यालय निरीक्षक तथा सह संयोजक बेसिक शिक्षाधिकारी, क्षेत्राधिकारी नगर व यातायात एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका होंगे। प्रभात फेरी के दौरान बच्चों को पीने का पानी तथा प्रभात फेरी के समाप्त होने पर बच्चों को फल एवं मिष्ठान का वितरण नगर पालिका द्वारा कराया जायेगा। फेरी के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा एम्बुलेन्स व चिकित्सक दल की व्यवस्था की जायेगी। प्रातः 08ः30 बजे समस्त सरकारी भवनों पर कार्यालयाध्यक्षों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तथा झण्डा अभिवादन के साथ ही राष्ट्रगान का भावपूर्ण गायन होगा। प्रातः 09 बजे पुलिस ग्राउण्ड पर पुलिस परेड सम्पन्न होगी। प्रातः 10 बजे सभी विद्यालयों पर ध्वजारोहण किया जायेगा। प्रातः 10 बजे रायफल क्बल से शान्ति दौड़ का आयोजन किया जायेगा जिसकी व्यवस्था क्रीड़ाधिकारी द्वारा की जायेगी। 11 बजे जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा शिशु सदन में फल एवं मिष्ठान का वितरण कराया जायेगा। श्री अवस्थी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिये कि वे जनपद में स्थापित महापुरूषों व शहीदों की प्रतिमाओं को चिन्हित कर वहां पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा नामित अधिकारियों द्वारा प्रतिमाओं पर माल्र्यापण किया जायेगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक आशुतोष द्विवेदी, उप जिलाधिकारी महावन चांदनी सिंह, उप जिलाधिकारी सदर राजेश कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी बृज बिहारी कुशवाहा, बेसिक शिक्षाधिकारी एके सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।


Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login






Mediabharti