गांव में तनावपूर्ण शांति, पुलिसबल तैनात
मथुरा। थाना फरह के गांव परखम में कल बालिका की बलात्कार के बाद हत्या और फिर आरोपी को पुलिस अभिरक्षा से खींचकर हत्या के मामले में जहां पूरे गांव में आज दूसरे दिन दहशतभरा सन्नाटा देखा गया वहीं जगह-जगह पुलिस सुरक्षा व्यवस्था मे लगी हुयी थी। बाल्मीकि समाज के अध्धकांश लोग गांव से पलायन कर गये हैं। उनमें भारी भय बना हुआ है। हालांकि पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने आज पंहुचकर उन लोगों को काफी समझाया बुझाया भी। दूसरी जाति के लोगों से भी प्रशासन और पुलिस के अधिकारी साम्प्रदायिक सदभाव बनाये रखने की गुजारिश करते देखे गये। कल की घटना के बाद आगरा परिक्षेत्र के आईजी, डीआईजी द्वारा थानाध्यक्ष से लेकर चैकी प्रभारी तक को निलंबित किया गया है। सीओ रिफाइनरी को भी हटा दिया गया है और उनके स्थान पर नई तैनाती की गयी है। गांव के लोगों मंे अब भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चायें होती देखी गयीं। झुण्ड बनाकर लोग एक-दूसरे से घटना को लेकर वार्तालाप करते दिखाई दिये। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी आज घटना की गंभीरता के चलते क्षेत्र में दौरे किये। शांति सदभाव कायम रखने के लिए पुलिस प्रशासन पुरजोर प्रयास कर रहा है। उधर इस घटना को लेकर मुकेश पुत्र रेवती निवासी मुस्तफाबाद परखम फरह ने सोनू वाल्मीकि पुत्र श्याम लाल निवासी रेलवे क्वार्टर परखम और श्याम उर्फ ललूआ पुत्र रघुवीर के खिलाफ बलात्कार, हत्या व पाॅस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
बाॅक्स
गौतम बने सीओ रिफाइनरी
मथुरा। फरह के गांव परखम में किशोरी के साथ दुराचार और हत्या के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में जहां सीओ रिफाइनरी प्रीति प्रियदर्शनी को हटा दिया गया है उनके स्थान पर आरके गौतम को सीओ रिफाइनरी बनाया गया है। वहीं एसएसपी के पीआरओ रहे प्रवीन कुमार मान को कार्यवाहक थानाध्यक्ष फरह बनाया गया है।





