कलैक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक लेते डीएम राजेश कुमार एवं अन्य
मथुरा। जिलाधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय एवं राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन की बैठक कलेक्टेªट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन करते हुए मुख्य विकास अधिकारी आन्द्रा वामसी ने बिन्दुवार स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि जननी सुरक्षा योजना तथा टीकाकरण योजना में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गर्भवती महिला को प्रसव के समय उसके निवास से स्वास्थ्य केन्द्र तक लाने तथा प्रसव के बाद स्वास्थ्य केन्द्र से उसको अपने घर तक छोड़ने हेतु निःशुल्क वाहन व्यवस्था उपलब्ध करायी जायें उसके खानपान पर विशेष ध्यान देकर शासन द्वारा उपलब्ध करायी जा रही सुविधा से उसे लाभान्वित किया जायें। नवजात शिशु के टीकाकरण कार्य को भी सावधानी तथा समय से पूर्ण किया जाये तथा समय समय पर लगने वाले टीकाकरणों से नवजात शिशु को आच्छादित किया जायें।
उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया है कि वे समय से केन्द्र पर उपस्थित हों रोगियों को देखकर उनको उचित स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवायें उपलब्ध करायें, स्वास्थ्य केन्द्रों हेतु दवाओं की पूर्ण उपलब्धता है इसलिये रोगी व्यक्ति को बाजार से दवा आदि लाने के लिये न कहें। टीकाकरण की वैक्सीन को भी सुरक्षित रखने हेतु सही तरीका अपनायें ताकि वैक्सीन खराब न हो सके। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन योजना के अन्तर्गत पर्याप्त मात्रा में धनराशि उपलब्ध करायी जा रही है ताकि दूर दराज के ग्रामीण अंचलों में रहने वाले लोगों को शहर तक न आना पड़े इसलिये चिकित्सकों को ए0एन0एम0 तथा आशा कार्यकत्री के साथ केन्द्र पर रह कर ही स्वास्थ्य योजनाओं को लगातार संचालित किया जायें। उन्होंनेे अन्धता निवारण तथा क्षयरोग की भी बिन्दुवार समीक्षा करते हुए चिकित्सकों तथा बीएसए को निर्देशित किया कि ग्रामीण स्वास्थ्य के प्रत्येक योजना से ग्रामीण विद्यालय के छात्र छात्राओं को भी जोड़ा जाये ताकि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ ग्रामीण विद्यार्थियों को भी मिल सके। मुख्य चिकित्साधिकारी ने विभागीय कार्य का ब्यौरा प्रस्तुत किया तथा चिकित्सकों से कहा है कि वे स्वास्थ्य कार्यक्रमों में अपने अधीनस्थों के लगातार सम्पर्क में रहे तथा समय समय पर उनके कार्यों की जानकारी लेकर स्वाथ्य योजनाओं से अवगत कराते रहे। इस अवसर पर सभी स्वास्थ्य केन्द्रो के चिकित्सा प्रभारी आदि मौजूद थे।





