जल निगम की लापरवाही शायद पिला सकती है सीवर का पानी

मथुरा। बीते दिन सीवर के मैनहोल का निर्माण कार्य को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। पहले इस कार्य को रुकवा भी दिया था। डैंपीयर नगर से नया नगला में प्रवेश करते ही तिराहे पर जल निगम की ड्रेनेज एवं सीवरेज इकाई मेनहोल बना रही है। इसमें सीवर का तीन ओर का गंदा पानी गुजरेगा। इस सवा तीन मीटर गहरे मेनहोल से पेयजल पाइप लाइन निकल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भविष्य में लीक करने पर सीवर का पानी लोगों के घरों में पहुंचेगा और उन्हें पता भी नहीं चलेगा। स्थानीय लोगों ने सभासद संगीता खन्ना के नेतृत्व में निर्माण कार्य रुकवा दिया था। बीते दिन निगम के अवर अभियंता मौके पर थे तो शुक्रवार को सहायक अभियंता राजेंद्र कुमार अपने तर्को के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण शुरू करा दिया। जानकारी पर जनता पहुंच गयी और कार्य रुकवा दिया। बहस के बीच सहायक अभियंता ने तर्क दिया कि एक मीटर मेनहोल बन जाने के बाद पेयजल पाइप लाइन शिफ्ट की जाएगी। अभी पाइप लाइन शिफ्ट करेंगे तो पानी गढ्डे में भरेगा और लोगों के मकानों की नींव कमजोर हो सकती है। स्थानीय लोगों ने याद दिलाया कि जल निगम के आश्वासन पर भरोसा नहीं किया जा सकता, क्योंकि उसका ट्रेक रिकार्ड अच्छा नहीं है। शिवताल के पास तत्कालीन जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी के निर्देश और सिटी मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट के बावजूद जल निगम ने अभी तक अंडर पास नहीं बनाया है। उसने जितनी भी सीवर लाइन डाली हैं, कहीं भी पेचवर्क नहीं कराया है, लिहाजा उस पर भरोसा नहीं किया जा सकता। स्थानीय जनता ने फिलहाल कार्य तो रुकवा दिया, लेकिन अब वह जिलाधिकारी से शिकायत करेगी और मेनहोल बनाने से पहले पेयजल लाइन दूसरी जगह कराने की मांग करेगी। सभासद संगीता खन्ना का कहना है कि पेयजल लाइन को बंद करके अभी भी यह कार्य किया जा सकता है, लेकिन जल निगम ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए नयी कवायद करने से कतरा रहा है।


Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login






Mediabharti