जितना निष्पक्ष व पारदर्शी मतदान उतनी ही निर्विघ्न मतगणना

हमारा प्रयास कोई मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे

अमिट स्याही बायें हाथ की मध्यमा अंगुली में लगायी जायेगी

चुनाव सम्बन्धी सभी तैयारियां पूर्ण

मथुरा। जनपद के प्रथम व द्वितीय चरण के प्रेक्षक/विशेष सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अभिषेक प्रकाश ने कहा कि मतदान की प्रक्रिया जितनी निष्पक्ष, पारदर्शी व मानकों को पूरा करते हुए की जायेगी मतगणना उतनी ही सुगम व निर्विघ्न सम्पन्न होगी। श्री प्रकाश आज यहां कलेक्ट्रेट के सभागार में प्रथम व द्वितीय चरण के मतदान की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।

श्री प्रकाश ने उपस्थित चुनाव से सम्बन्धित अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पिछले चुनाव से यह चुनाव थोड़ा भिन्न है इसमें केवन दो ही पदों ग्राम प्रधान व सदस्य ग्राम पंचायत के चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र के बाहर न्याय पंचायत व उम्मीदवारों का नाम तथा मतदाताओं के पहचान के 17 विकल्पों की सूची अवश्य चस्पा की जाय। उन्होंने कहा कि इस बार बायें हाथ की मध्यमा अंगुली पर अमिट स्याही का निशान लगाया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस आशय का चुनाव आयोग का निर्देश स्याही लगाने वाले मतदान अधिकारी के पास अवश्य उपलब्ध होना चाहिए। यदि कोई मतदाता इस पर आपत्ति करता है तो उसे चुनाव आयोग के निर्देश को अवश्य दिखाया जाय। उन्होंने बताया कि अतिविकलांग व वृद्घ व्यक्ति को मतदान के लिए एक अटेन्डेंट उसकी मांग पर दिया जायेगा। मतपत्र को पहले से ही सही ढ़ंग से मोड़ा जाय जिससे मतदान के बाद स्याही किसी अन्य उम्मीदवार के निशान पर न लगे। 

उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों पर लगायी गयी सुरक्षा की टीम यह अवश्य देखे कि मतदाता लाइन में खड़े रहें तथा मताधिकार का प्रयोग करने के बाद केन्द्र से बाहर चले जायें। उम्मीदवारों का बस्ता पोलिंग परिसर से 200 मीटर की दूरी पर रहे और वहां पर अनावश्यक भीड़ इक्कठा न हो। उन्होंने कहा कि कलेस्टर टीम जब क्षेत्र में जाय तो इन बातों पर अवश्य ध्यान दे। उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रियल टीम शान्ति व्यवस्था के साथ-साथ अगर कोई निर्वाचन सम्बन्धी समस्या आती है तो उसका भी निराकरण तत्काल करायेंं उसमें अनावश्यक बिलम्ब न किया जाय। यदि किन्ही कारणों से मतदान में रूकावट आती है तो इसका अंकन पीठासीन अधिकारी की डायरी में अवश्य किया जाय। उम्मीदवारों के एजेन्ट बैच लगाकर ही मतदान केन्द्र में प्रवेश करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई एजेन्ट लिखित में शिकायत करता है तो उसका निस्तारण पीठासीन अधिकारी द्वारा लिखित में ही किया जाय। यदि कोई व्यक्ति मतदाताओं को धमकाता है, शराब व अन्य चीजों का लालच देता है तथा जबरन वोट डालवाने का प्रयास करता है तो उसके विरूद्घ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाय। मतदान निर्धारित समय व प्रक्रिया के अनुसार ही कराया जाय। उन्होंने इस बात पर विशेष बल देते हुए कहा कि पोलिंग पार्टियां जिस रूट से जायें उसी रूट से वापसी करें। रूट संख्या का उल्लंघन करने वाली पोलिंग पार्टियों के विरूद्घ कड़ी कार्यवाही की जाय। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम व मतपेटियों को सम्बन्धित उप जिलाधिकारी व खण्ड विकास अधिकारी भलीभांति देख लें। गड़बड़ मतपेटियों को हटा दिया जाय तथा मतपेटियों में गमकसीन का टेबलेट डलवा दिया जाय ताकि दीमक आदि मतपत्रों को नुकसान न पहुॅचा सकें। उन्होंने कहा कि इन छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर जितना निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान कराया जायेगा मतगणना उतनी ही सुगम व निर्विघ्न होगी। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। 

जिलाधिकारी राजेश कुमार ने प्रेक्षक को अवगत कराया कि प्रथम चरण में विकास खण्ड चौमुहां, छाता व नन्द्गॉव में मतदान होने हैं। यहां कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में 214 मतदान केन्द्र तथा 493 मतदेय स्थल बनाये गये हैं जिसमें से 23 अति संवेदनशील व 29 संवेदनशील मतदान केन्द्र हैं। पूरे क्षेत्रों को सुपर जोन, जोन तथा सेक्टर में बांटकर सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित सुरक्षा बलों कि पर्याप्त तैनाती कर दी गयी है। उन्होंने बताया कि जाड़े में सूर्यास्त जल्दी हो जाता है इसलिए मतदान केन्द्रों पर पेट्रोमैक्स की व्यवस्था की गयी है। मतदान कर्मियों के लिए मौसम के हिसाब से अलाव व रजाई आदि की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने बताया कि अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों की वीडियों ग्रॉफी तथा संवेदनशील मतदान केन्द्रों की स्टिल फोटोग्राफी की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने यह भी बताया कि दूसरे चरण में मांट व नौहझील विकास खण्ड में मतदान होने हैं यहा की सारी व्यवस्थायें अन्तिम चरण में चल रही हैं। जिलाधिकारी ने प्रेक्षक को आश्वस्त किया कि वे विगत चुनाव की तरह इस चुनाव को भी निष्पक्ष एवं पारदर्शी सम्पन्न करायेंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा0 राकेश सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग के द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार सभी मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गयी है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन व वित्त एवं राजस्व अजय कुमार अवस्थी व महेन्द्र प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट विजय कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात आशुतोष द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी उमेश त्यागी, उप जिलाधिकारी सदर, मांट व छाता राजेश कुमार, अन्जनी कुमार सिंह व रामअरज यादव, वरिष्ठ कोषाधिकारी बृज बिहारी कुशवाहा, जिला मनोरंजनकर अधिकारी एस0पी0 सिंह सहित प्रथम व द्वितीय चरण के निर्वाचन व सहायक निर्चाचन अधिकारी उपस्थित थे।

 


Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login






Mediabharti