जिला पंचायत के वार्ड नं. 17 में बसपा द्वारा घोषित किये गये प्रत्याशी के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
मथुरा। जिला पंचायत चुनावों को लेकर जहां राजनैतिक दलों में आपसी विरोध तेजी से पनपा है वहीं आम चुनाव लड़ने वाले लोग भी नेताओं की भेदभाव की नीति से परेशान हैं। इसी का नतीजा है कि बसपा के आगरा मण्डल काॅर्डीनेटर दारासिंह के कार्यालय पर टिकट को लेकर लोगों ने जमकर नारेबाजी और विरोध किया। वहीं गोवर्धन के विधायक के खिलाफ भी अपना गुस्सा उतारा। जानकारी के अनुसार गोवर्धन तहसील के वार्ड 17 से बहुजन सामज पार्टी द्वारा जिला पंचायत सदस्य पद पर रघुवीर नामक व्यक्ति को टिकट दे दी गयी है जिसका ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। ग्रामीणों के विरोध के चलते यह वार्ड विवादों के घेरे में है। सैंकड़ों ग्रामीणों ने बहुजन समाज पार्टी द्वारा वार्ड नं. 17 की जिला पंचायत टिकट रघुवीर को दिये जाने पर जोनल काॅर्डीनेटर आगरा मण्डल दारासिंह के गोवर्धन कार्यालय पर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी भी की। ग्रामीणों का आरोप है कि गोवर्धन विधानसभा वर्तमान विधायक राजकुमार रावत की शह पर यह काम हुआ है जिसका हम सभी ग्रामीण विरोध करते हैं। इन लोगों ने विधायक के खिलाफ भी जमकर गुस्सा उतारा। इस अवसर पर विद्यावान प्रधान पाडल, मदन प्रधान भगौसा, नंदराम बौहरे पाडल, केशव देव जाटव पलसों, हरपाल जाटव पलसों, फत्ते जाटव पलसों, कुमारपाल जाटव सीह, अनिल जाटव, गोविन्द पाडल, वनय सिंह, नेम सिंह, मानसिंह पाडल, अमन प्रधान पलसों, लखन व्यास पलसों, मुरारी प्रधान ढहरौली, पुरुषराम सिंह, हेतराम सिंह, विजय सिंह आदि मौजूद थे।





