गांव में चल रहा था नर्सिंग होम
एक्स-रे मशीन, पैथोलाॅजी व मेडीकल स्टोर भी चला रहा है कथित चिकित्सक
मथुरा। जनपद के बलदेव थाना क्षेत्र में झोलाछाप चिकित्सक के यहां छापा मारने गई मुख्य चिकित्साधिकारी की टीम पर डाक्टर के लोगों ने हमला कर दिया और सील की गई दुकान की चाॅबी आदि छुड़ा ली। किसी तरह जान बचाकर निकले चिकित्सकों की टीम ने सीएमओ के आदेश पर आज उक्त चिकित्सक के खिलाफ थाना बलदेव में मुकद्मा दर्ज कराने के लिए लिखित तहरीर दी है।
जिला मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सज्जन कुमार के अनुसार थाना बलदेव क्षेत्र के गांव नगला संजा में झोलाछाप चिकित्सक डा. हरेन्द्र ठैनुआ द्वारा नर्सिंग होम चलाया जा रहा था, जिसमें एक्स-रे मशीन, पैथोलाॅजी तथा मेडीकल स्टोर भी खोल रखा है। शिकायत पर वह स्वयं अपने अधीनस्थों के साथ मंगलवार शाम को निरीक्षण के लिए गए थे। जब उन्होंने चिकित्सक डाक्टर हरेन्द्र ठैनुआ से मेडीकल स्टोर का लाईसेंस तथा चिकित्सक की डिग्री दिखाने को कहा, तो वह कागज लाने के नाम पर वहां से बचकर निकल भागा। काफी देर इंतजार के बाद जब चिकित्सक वापस नहीं लौटा, तो सीएमओ डा. सज्जन कुमार ने नोटिस वहां मौजूद उसके भाई कृष्णा को रिसीव करा दिया तथा नर्सिंग होम के मुख्य द्वार को सील कर जब उनकी टीम वहां से निकली, तो एक दर्जन से अधिक लोगों ने उनसे अभद्रता कर सील किए गए ताले की चाॅबी आदि छुड़ा ली।
सीएमओ के अनुसार आज इस मामले में थाना बलदेव को तहरीर देकर झोलाछाप चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई करने व मुकद्मा दर्ज करने को कहा गया है।





