मथुरा। दिल्ली मैट्रो में नौकरी लगवाने के नाम पर करीब दो वर्ष पूर्व राया के गढी कीर्तया और तेहरा के ग्रामीणों से एक व्यक्ति ने दो-दो लाख रूपये ले लिये लेकिन आज तक इनकी नौकरी तो नहीं लग पायी बल्कि इनका पैसा भी यह व्यक्ति नहीं लाटा रहा है। इस संबंध में रालोद नेता योगेश नौहवार के नेतृत्व में पीड़ितों ने आज एसएसपी से मुलाकात की और दोषी व्यक्ति को गिरफ्तार किये जाने की मांग की। बताया गया कि राया की गढी कीर्तया के रहने वाले डोरीलाल पुत्र काशीराम ने विजेन्द्र पुत्र बनी सिंह और नतन सिंह पुत्र छिददा निवासीगण तेहरा राया से दिल्ली मैट्रो में नौकरी लगवाने के नाम पर दो-दो लाख रूपये दो वर्ष पूर्व लिये थे। उसके बाद से ही डोरीलाल इन्हें नौकरी लगवाने का झांसा देता रहा। इस संबंध में रतन सिंह और विजेन्द्र ने 19 जनवरी 2016 को डोरीलाल के खिलाफ थाना राया में 420 का मुकदमा पंजीकृत कराया था लेकिन पुलिस द्वारा अभी तक आरोपी के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गयी है। आज इसी को लेकर ग्रामीणों ने एसएसपी से मुलाकात की और जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कराने की मांग की। इस अवसर पर रतन सिंह, विजेन्द्र, गोपाल, विजय पाल, बनी सिंह, देवीचरन, रामेश्वर आदि मौजूद थे।





