
फरह-कीठम के पास हथियारबंद बदमाशांे ने लूटे 15 के नगदी, जेवर और सामान
मथुरा। दिल्ली से मद्रास जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस में सशस्त्र बदमाशों ने एसी कोच में हथियारों के बल पर दर्जनों यात्रियों से 15 लाख रूपये से अधिक की लूट की। फरह और कीठम के मध्य लगभग 25 मिनट तक चैन पुलिंग कर गाड़ी रोककर लूटपाट की गयी। इससे पूर्व भी फरह में ट्रेन लुट चुकी है। यह मामला जीआरपी आगरा में दर्ज हुआ है।
तमिलनाडु एक्सप्रेस 2622 दिल्ली से मद्रास जा रही थी तभी कल आधी रात्रि के बाद करीब एक बजे जैसे ही वह फरह-कीठम के बीच पंहुची तभी एसी कोच संख्या एच-1 में डकैतों ने कहर बरपाना शुरू कर दिया। हथियारों से लैस बदमाशों ने ट्रेन में सवार यात्रियों से करीब 15 लाख रूपये से अधिक का सामान और नगदी, जेवर लूट लिये। बताया गया कि बदमाशों ने रेलवे के गेटर नंबर 514 और 515 के बीच दो बार चैन पुलिंग करके ट्रेन को रोका था इस दौरान करीब 20 मिनट तक गाड़ी बीच जंगल में ही खड़ी रही और बदमाशों ने आराम से घटना को अंजाम दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष फरह तेजवीर सिंह ने जानकारी देते बताया कि दिल्ली से एसी कोच में पहले से ही पांच लड़के सवार थे जिन्होंने फरह-कीठम के मध्य कोच में घुसकर चैन पुलिंग की और गाड़ी रूकने पर लूटपाट कर रैपुराजाट स्थित इंजीनियरिंग काॅलेज के पास कूदकर भाग गये। दिल्ली से सवार हुए डकैतों ने चेन्नई के यात्री को बुरी तरह से घायल कर दिया था। इस डकैती के बाद मथुरा की राजकीय रेलवे पुलिस को लगाया गया है। थाना फरह क्षेत्र के गांव कौंह, पौरी और पिपरौठ क्षेत्र में फरह और जीआरपी एसओजी टीम ने दबिश दी। पुलिस ने मथुरा में ही एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। घायल यात्री को इलाज के बाद दिल्ली भेज दिया गया।






Related Items
सबकी चेहती अक्षरा जल्द देंगी GOOD NEWS