
मथुरा। शहर कोतवाली पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चन्द्रभान सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग हरियाणा प्रांत से बुलेरो मैक्स पिकअप में शराब लेकर आ रहे हैं और धौलीप्याऊ होते अलीगढ ले जायेंगे। इस सूचना पर धौलीप्याऊ तिराहा, दुर्गा मंदिर के सहारे गाड़ी खड़ी कर पुलिस उनका इंतजार करने लगी। थोड़ी देर बाद सफेद रंग की मैक्स पिकअप दिखाई दी, जिसे रोकने का प्रयास किया तो गाड़ी चालक जंक्शन की ओर भागने लगा जिसके बाद गाड़ी का पीछा किया। जंक्शन पर रेलवे मजिस्ट्रेट कार्यालय से पहले उसे रोक लिया। चालक ने अपना नाम सोनू उर्फ सोनवीर बताया और पास बैठे व्यक्ति ने अपना नाम फौरन सिंह। दोनों ने बताया कि हम हरियाणा प्रांत से सस्ते दामों में शराब लेकर इस गाड़ी में आते हैं और अलीगढ में विभिन्न स्थानों पर अधिक दामों में बेचते हैं। इनके पास से सौ पेटी देशी हरियाणा ब्राण्ड की शराब, पांच हजार पौवा, पचास पेटी अंग्रेजी हरियाणा ब्राण्ड की शराब, 2400 पौबा और गाड़ी मैक्स पिकअप संख्या यूपी 81 3294 बरामद हुयी है। इस कार्यवाही में उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह चाहर, विपिन कुमार, एचसीपी तेजेन्द्र प्रताप, कांस्टेबिल रियाज खां, सचिन, वीरेन्द्र, जवाहरलाल, राजीव कुमार साथ थे।





