तीसरे चरण का मतदान शांतिप्रिय ढंग से संपन्न

तीसर चरण के मतदान में लाइन में खड़े मतदाता 

 वोट डालती महिला 

मथुरा।  त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के तीसरे चरण का मतदान आज सुबह सात बजे से शुरू हुआ। जिला पंचायत के चैदह वार्डों के 146 जिला पंचायत उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया। सुबह से ही आज मतदान शुरू हुआ। शांतिप्रिय ढंग से मतदान तीनों ब्लाॅकों में संपन्न हुआ है। पुलिस-प्रशासन चुनाव से जुड़े कर्मचारियों की देखरेख के चलते तीसरे चरण का मतदान भी छुटपुट हिंसा, झड़प और मारपीट, गाली गलौज के मध्य शांतिपूर्ण ढंग से निपट गया। गोवर्धन एवं मथुरा ब्लॉक के देहात में क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्य हेतु छिटपुट घटनाओं को छोड़ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस बार पंचायत के चुनावों में प्रधान पद के चुनाव पीछे रखे जाने के कारण ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में मतदान को लेकर कम उत्साह देखने को मिला। क्षेत्र पंचायत के सदस्य एवं उनके समर्थक ज्यादा से ज्यादा मतदान कराने के पक्ष में दिखाई दिये। मतदान शनिवार की सुबह सात बजे से सांय पांच बजे तक शांति पूर्वक संपन्न हुआ। अति संवेदन शील एवं संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई। राजस्थान सीमा के समीप देहात के गांव दौसेरस में कई बार मतदान को लेकर लोगों की पुलिस प्रशासन से झड़प हो गई और इसके बाद हल्का बल प्रयोग कर झड़प कर रहे लोगों को हटा दिया गया। यहां वोटरों द्वारा आरोप लगाया गया कि कर्मचारियों द्वारा मिलीभगत से वोट डलवाये गये। वहीं ग्राम जतीपुरा के मतदान केन्द्र के एक बूथ के अंदर रोशनी की व्यवस्था न होने के कारण धीमा मतदान होने पर लोगों में आक्रोश पनप गया। लोगों का  आरोप था कि बूथ के अंदर कर्मचारी वोट नहीं डलवा पा रहे हैं जबकि पांच बजे तक उस बूथ पर लंबी लाइन लगी रही। जब इस संबंध में एडीएम वित्त एवं राजस्व महेन्द्र प्रसाद से वार्ता की गई तो बताया कि पांच बजते ही मुख्य गेट को बंद कर दिया जाएगा। प्रांगण में लाइन में लगे वोटरों को देर तक अवश्य मतदान कराया जाएगा। इसके बाद भी कई वोटर अपनी मतदाता पर्ची फाड़कर चले गये। लोगों का कहना था कि अन्य वूथों पर वोटरों का समायोजित नहीं किया गया। एक बूथ पर अंधेरा होने के कारण दो-दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इसके बाद भी जतीपुरा के सैकड़ों  लोग अपने मत का प्रयोग नहीं कर सके।  उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट मथुरा विजय कुमार ने बताया कि गोवर्धन ब्लॉक में करीब करीब 64 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। वहीं मथुरा ब्लॉक में 60 प्रतिशत एवं फरह क्षेत्र में करीब 69 प्रतिशत मतदान हुआ। 

 

मतदान केन्द्रों पर पंहुचे डीएम-एसएसपी

 

मथुरा। तीसरे चरण के मतदान के दिन आज जिलाधिकारी राजेश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. राकेश सिंह ने गोवर्धन ब्लाॅक के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। दोनों वरिष्ठ अधिकारी ने आज दोपहर गोवर्धन के गांव पलसों पंहुचे जहां उन्होने मतदान की जानकारी ली और मतदाताओं से बातचीत भी की। इसके बाद वे गोवर्धन ब्लाक के कई अन्य मतदान केन्द्रों पर पंहुचे और व्यवस्थाओं को जांचा। वहीं एसडीएम मेघा गर्ग भी आज दोपहर मलसराय गांव पहुंची जहां उन्होंने पोलिंग बूथ को चैक किया।

 

दो स्थानों पर मारपीट, झगड़े

चार के घायल होने की खबर

मथुरा। गोवर्धन व जैंत कस्बे के गांव सकरबा में आज वार्ड नंबर 17 के पोलिंग बूथ के निकट दो बीडीसी समर्थकों में जमकर लाठी डण्डे चल गये जिससे मतदान में अफरा तफरी मच गयी। बताया गया कि वार्ड नंबर 17 में दो बीडीसी समर्थन सतीश पुत्र मंगल और तुलाराम पुत्र फूल सिंह वोट डालने आये थे, इसी दौरान दोनों में वोट डालने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान सतीश ने तुलाराम के साथ लाठी डण्डों से मारपीट कर दी। घटना की सूचना पर पुलिस पोलिंग बूथ पर पंहुच गयी और उपद्रवियों को अलग कर दिया। वहीं जैंत के गांव मोरा में भी आज मतदान के दौरान बीडीसी के दो सदस्यों के परिजनों में वोट डालने को लेकर विवाद हो गया जिसमें मारपीट के दौरान दो लोग घायल हुये हैं। मौके पर इलाका पुलिस पंहुच गयी और समझा बुझाकर दोनों को अलग किया।

 

 


Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login






Mediabharti