सपा से चुनाव लड़ने को उम्मीदवार राजी नहीं
मथुरा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर विभिन्न राजनैतिक दलों में गहमा गहमी शुरू हो गयी है।
बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के लोग पंचायत चुनावों में प्रधानी, जिला पंचायत और बीडीसी के प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाने के लिए प्रत्याशियों का चयन करने में लगे हुए हैं। जबकि समाजवादी पार्टी के नेताओं का ध्यान पंचायत चुनावों पर अभी नहीं है। बहुजन समाज पार्टी ने तो पहले से ही ग्राम प्रधान, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्यों को चुनाव में उतारने के लिए अपनी पहल शुरू कर दी तथा भारतीय जनता पार्टी भी इस कार्य में पीछे नहीं है। कांग्रेस जरूर थोड़ा सा इन दोनों दलों से पीछे चल रही है जबकि सपा से चुनाव लड़ने के लिए मथुरा ब्लाॅक, छाता ब्लाॅक, नौहझील ब्लाॅक, राया ब्लाॅक, गोवर्धन ब्लाॅक सहित अन्य ब्लाकों में कोई भी प्रत्याशी चुनाव लड़ने के लिए राजी नहीं है।
इसी से पता चलता है कि समाजवादी पार्टी का जनपद में क्या जनाधार है। जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके सहयोगी मंत्री समाजवादी पार्टी की रीति-नीतियों को जन-जन तक पंहुचाने के बारे में संगठन के पदाधिकारियों से कह चुके हैं लेकिन इसके बाद भी संगठन के पदाधिकारी इस दिशा में उदासीन बने हुए हैं। 2017 के चुनावों में समाजवादी पार्टी का जनपद में हश्र क्या होगा? यह तो आने वाला समय ही बतायेगा।





