युवको की दबंगई थाने में भी चली
कागजात फाड़ कर फेंके, पुलिस को दी देख लेने की धमकी
मथुरा। जनपद में अपराधियों के दिल से पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है। इसी का परिणाम है कि लोग पुलिस की जब चाहे धुनाई कर डालते हैं और उन्हें जलील करने से भी नहीं चूकते। आज थाना हाइवे क्षेत्र में दो युवकों ने दरोगा की वर्दी फाड़ डाली और उसके साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं दोनों ने अपनी कार से दरोगा को कुचलने की कोशिश भी की, जिससे दरोगा बाल-बाल बचा। लेकिन उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। इन युवकों ने दबंगई की इंतिहा तब कर दी, जब थाने में पुलिस फोर्स के सामने ही वहां रखे कागजात तक फाड़ डाले और पुलिसकर्मियों को अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने को कहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना हाइवे क्षेत्र के भरतपुर मथुरा मार्ग पर पुलिस फोर्स तारसी चैराहे पर झगड़े की सूचना मिली, तो दरोगा सौरभ शर्मा अपनी बुलट गाड़ी से मौके पर पहुंचा। यहां गांव तारसी के रविन्द्र व सतेन्द्र दो युवक सतीश नाम के एक युवक से झगड़ रहे थे। दरोगा सौरभ शर्मा ने जब झगड़े का कारण पूछा तो रविन्द्र व सतेन्द्र ताब खा गए तथा दरोगा से गाली-गलौज करते हुए हाथापाई व धक्कामुक्की शुरू कर दी। दरोगा द्वारा विरोध करने पर इन्होंने उसकी वर्दी फाड़ डाली तथा जब दरोगा बाइक से चलने लगा और इन्हें थाने चलने को कहा तो इन लोगों ने अपनी कार से बाइक में टक्कर मार उसे गिरा दिया और कुचलने की कोशिश की। लेकिन वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह दरोगा को बचा लिया और इन दोनों युवकों केा दबोच लिया। दरोगा द्वारा फोन कर थाने से फोर्स बुलाने के बाद पुलिसबल दोनों युवकों को लेकर थाने पहुंचा, यहां भी इन दोनों दबंगों ने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करते हुए पुलिस कार्यालय में रखे कागज फाड़ डाले तथा पुलिसकर्मियों को अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी।
बताया गया दोनों युवक गांव तारसी के पूर्व प्रधान के परिजन हैं, पुलिस मामले की रिपोर्ट दर्ज करने में जुटी है।





