
ठाकुर जी ने शिष्यों सहित झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का सन्देश
गिरिराज तलहटी में स्वच्छता अभियान चलाते देवकी नन्दन ठाकुर जी एवं उनके अनुयायी
गोवर्धन। विश्व शान्ति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वाधान में प्रसिद्ध भागवत प्रवक्ता देवकी नन्दन ठाकुर जी महाराज एवं उनके अनुयायिओं ने जतीपुरा एवं परिक्रमा मार्ग में स्वच्छता अभियान चलाया। रविवार की प्रातः सैकड़ों श्रद्धालु हाथों में झाड़ू और तसले लेकर परिक्रमा मार्ग के किनारे पड़े कूड़े को साफ करने में जुट गये। ठाकुर जी ने झाड़ू लगाकर अपने अनुयायियों को अपने आस पास एवं तीर्थों में स्वच्छता रखने को प्रेरित किया। इस अवसर पर विचार व्यक्त करते हुये ठाकुर जी ने कहा कि स्वच्छ वातावरण में विचार भी स्वच्छ रहते हैं। गन्दगी में बीमारियों के साथ हमारे आचरण में अशुद्धता आती है। विदेशों में लोग केवल फाइन के डर से सड़कों पर गन्दगी नहीं फैलाते बल्कि साफ सफाई को उन्होनें अपनी आदत में शुमार कर लिया है। अगर ऐसी ही आदतें हम भारतवासी डाल लें तो यहाँ भी स्वच्छ वातावरण नजर आयेगा। तीर्थों में सफाई की अति आवश्यकता बताते हुये उन्होनें कहा कि श्रद्धालुओं की मानसिक स्वच्छता के लिये जरूरी है कि उन्हें तीर्थों में पवित्र वातावरण का अहसास हो। इसके लिये तीर्थ नगरियों में विशेष स्वच्छता होनी चाहिये। उन्होनें दुःख व्यक्त किया कि दुर्भाग्य से अभी हमारे ब्रज में ऐसा स्वच्छ वातावरण नहीं मिल पाया है। इससे पूर्व ट्रस्ट के सचिव विजय शर्मा ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा वृन्दावन से स्वच्छ ब्रज-स्वच्छ भारत अभियान की शुरूआत की है। जिसमें प्रमुख मन्दिर मार्गों में सफाई के लिये सफाई सेवा कर्मी नियुक्त किये जा रहे हैं। मथुरा, वृन्दावन, गोवर्धन में स्वच्छता के लिये इनकी सेवा ली जायेगी। इसी अभियान में मन्दिरों के पास कूड़ादान रखवायें जायेगें। स्वच्छता अभियान में एमएल सोनी, श्याम सुन्दर शर्मा, रवि रावत, गजेन्द्र सिंह, जगदीश वर्मा, सुधीर सिंह, राजेश जैन, शेखराज, मोहन मगनानी, मनोज सोनी आदि उपस्थित थे।






Related Items
सबकी चेहती अक्षरा जल्द देंगी GOOD NEWS