मथुरा। 31 दिसंबर को पुराने वर्ष के अलविदा कहने के साथ लोग नव वर्ष के स्वागत को अपने-अपनी तरीके से मनाने को लेकर उत्साहित हैं। वहीं जनपदभर में धार्मिक स्थलों के इर्दगिर्द होटल, ढावों पर बुकिंग होने लगी है। होटल, ढाबों पर खान-पान के साथ पार्टी आयोजन जैसे समारोह प्रस्तावित करलाग जश्न पूरे जोश के साथ मनाने की तैयारियों में जुट गये हैं। वहीं सुरक्षा के लिहाज से जनपद पुलिस भी कमर कसने की तैयारियों में जुट गयी है। अवैध तरीके से चलने वाले बार, शराब, कबाब वाले स्थानों पर पूरी नजर रखी जायेगी। साथ ही निरंतर उन होटल, ढाबों को भी चिन्हित किया जा रहा है जहां पूर्व में इस तरह के आयोजनों व फूहड़ कार्यक्रमों की जानकारी मिली है। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से ट्रिपल राइडिंग, नशे की हालत में वाहन पर ड्राइविंग या किसी भी प्रकार के उत्तेजक पदार्थों के सेवन आदि में संलिप्त पाये जाने वाले लोगों पर भी पुलिस कार्यवाही की जायेगी। वहीं गोवर्धन, वृन्दावन के अलावा कोसी, कोटवन, हाईवे क्षेत्र में बार्डर के आसपास पड़ने वाले होटलों पर भी सादा वर्दी में पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया जायेगा ताकि लोगों को हर तरह की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।





