नई दिल्ली । बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपनी पोती और नातिन को दिल को छू लेने वाला खत लिखा था। इस खत में अमिताभ ने औरतों के लिए फिक्र जाहिर की थी, जिसमें उन्होंने पोती अराध्या और नातिन नव्या को हिम्मत से समाज का सामना करने और अपनी मर्जी से फैसले लेने की सीख दी थी। बिग बी के इस खत को काफी सराहना मिली और इंटरनेट पर यह काफी वायरल हुआ। बिग बी के फेसबुक वॉल से इसके 182k शेयर और ट्विटर से 4k रीट्वीट्स हुए। लेकिन दूसरी तरफ इस लेटर को लेकर बिग बी आलोचना के शिकार भी हुए। किसी ने इस लेटर को ‘पब्लिसिटी स्टंट’, किसी ने बनावट (हाइपॉक्रिसी) तो कुछ ने इसे उनकी आने वाली फिल्म ‘पिंक’ के प्रमोशन का हिस्सा बताया। अब बिग बी ने एक एंटरटेनमेंट वेबसाइट के जरिए इन आलोचकों को जवाब दिया है। उन्होंने कहा, ‘मैंने खत में जो कुछ भी लिखा, वह अपने तजुर्बे से लिखा है। मुझे हमेशा से उन सब बातों पर विश्वास है और मैं उन्हें अपने परिवार में फॉलो भी करता हूं। फिल्म पिंक में किए काम ने मुझे उन जज्बातों से सीधा जोड़ दिया है। इस खत में जो बातें कही गई हैं कई नजरियों से वो पिंक का कॉन्सेप्ट है। लेकिन पिंक में, मैंने ऐसा एक भी डायलॉग नहीं बोला जिसे मेरा जमीर इजाजत नहीं देता। अगर मैं फिल्म में काम नहीं कर रहा होता तब भी मुझे वह कहने में कोई झिझक नहीं होती जो मैंने फिल्म में कहा है। हां, यह एक इमोश्नल तजुर्बा था, तो उसी तरह से ले जाया गया और मुझे महसूस हुआ कि उन अल्फाज को सभी को बताऊं।’ पिंक एक थ्रिलर है, जिसमें बच्चन वकील की भूमिका निभाते दिखेंगे। बच्चन के अलावा इस फिल्म में तापसी पन्नू, अंगद बेदी, कीर्ति और एंड्रिया तरियांग मुख्य भूमिका में हैं। सुजीत सरकार के निर्देशन में बन रही यह फिल्म 16 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म के जरिये बंगाली फिल्म निर्देशक अनिरुद्ध रॉय चौधरी हिंदी सिनेमा में पदार्पण कर रहे हैं।
साभार-khaskhabar.com





