पुलिस की सतर्कता ने बचाया इंजीनियर
मथुरा। बरसाना से महज चार किलोमीटर दूर पड़ने वाले गाँव हाथिया में आतंक का पर्याय बन चुके टटलू गैंग ने रविवार को एक बार फिर जस्ट डायल पर फोन करके आरओ लगवाने के बहाने इंजीनियरों को हाथिया बुला लिया। वहीँ पुलिस की सक्रियता ने उन्हें बचा लिया। घटना के अनुसार उत्तम नगर दिल्ली निवासी मनोज शर्मा, अनिल कुमार के पास शनिवार की दोपहर हाथिया गाँव से किसी राहुल नाम के व्यक्ति का फोन पहुंचा और आरओ प्लांट लगवाने के लिए जगह देखकर कुटेशन देने की बात कही। रविवार की दोपहर मनोज की गाडी ने बरसाना पीली कोठी पर कमई चैराहे का पता पूछकर जैसे ही आगे चले। वहां ड्यूटी पर तैनात एसआई प्रदीप यादव व रघुराज भाटी को उनपर शक हुआ। उन्होंने जीप को गाडी के पीछे दौड़ा दिया। कमई चैक से आधा किलोमीटर दूर जरेला गाँव पर दो टटलूओं ने उन्हें रोक लिया। तभी दूर से पुलिस की गाडी को आता देख वह दोनों मोटर साइकिल लेकर भाग खड़े हुए। पुलिस आरओ सेटअप इंजीनियर को वहां से लेकर बरसाना थाने आई। थानाध्यक्ष जितेंद्र दीखित ने जस्ट डायल के प्रदेश मैनेजर को घटना की जानकारी व हिदायत दीं।





