संघ की बैठक में रखे प्रस्ताव पर शीघ्र ही हो सकता है अमल
वृन्दावन। स्थानीय निकाय अध्यक्ष संघ की एक बैठक पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम के कैम्प कार्यालय पर आहुत की गयी, जिसमें आगामी 24 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनावों में संघ द्वारा भी प्रत्याशी खड़ा किये जाने पर चर्चा की गयी। इस बैठक में सौंख के नगर पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर वर्मा के राष्ट्रीय स्वर्णकार महासंघ का अध्यक्ष बनाये जाने पर उनका वृन्दावन में ही स्वागत किये जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गयी। इसके साथ ही वृन्दावन नगर पालिका तथा कोसी नगर पालिका में अधिशाषी अधिकारी की नियुक्ति न हो पाने के चलते सफाई व्यवस्था हेतु डीजल एवं ठेके पर कार्यरत कर्मचारियों के वेतन आदि हेतु आवश्यक धन की निकासी नहीं हो पा रही, जिससे कि नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, को लेकर निर्णय लिया गया कि इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी से कहा जाये कि वे एक सप्ताह के समय में प्रशासन से वार्ता कर इस समस्या का समाधान निकलवायें। अन्यथा की स्थिति में यह तय किया गया कि नगर पंचायतों व नगर पालिका परिषदों में सफाई, पानी व अन्य विकास कार्य बन्द कर दिये जायें। बैठक में राया नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ झूठे आरोप लगाने वालों की बातें जब तक आरोप सिद्व न हों, मीडिया में खबर न दी जाये और साथ ही इन आरोप लगाने वालों से शपथ पत्र भी लिये जायें। बैठक में संघ के जिलाध्यक्ष मुरारी लाल शर्मा सहित महासचिव जगपाल सिंह व सौंख पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर वर्मा, पालिकाध्यक्ष वृन्दावन मुकेश गौतम, पालिकाध्यक्ष कोसीकलाँ भागवत प्रसाद रूहेला, पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि मथुरा राजेश गुप्ता, नंदगाँव पंचायत अध्यक्ष बदन सिंह, बरसान से प्रतिनिधि महेश कुमार, महावन से उदयवीर सिंह, राधाकुण्ड से दाऊ, छाता से भगवती देवी, बल्देव से रामकृष्ण वर्मा व चैमुँहा से बिहारी राम पहलवान उपस्थित रहे।





