मथुरा। फरह क्षेत्र स्थित ग्राम बिसू में नेहरू युवा मंडल द्वारा विकास खंड फरह में युवा मंडलों के पदाधिकारियों के लिए तीन दिवसीय आवासीय युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास प्रशिक्षण का आयोजन विगत 30 जुलाई से फरह स्थित परशुराम धर्मशाला में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन नेहरू युवा केन्द्र संगठन के उपनिदेशक ओके पांडेय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। इस अवसर पर श्री पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को उचित नेतृत्व के साथ-साथ उनकी क्षमता के अनुसार रोजगार परक कार्यक्रमों से जुड़ने का आव्हान किया। उन्होंने युवाओं से कहा कि वर्तमान में देश में अनेक प्रकार की समस्याएं खड़ी है जिनके निराकरण के लिए युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा तथा उन्हें किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने के लिए प्रेरित करने वाले लोगों को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक प्रशांत पाठक, श्यामबाबू शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष फरह मुरारी लाल शर्मा एवं नेत्र चिकित्सक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खजान सिंह ने युवाओं को नेतृत्व विकसित करने की प्रक्रिया तथा अच्छे नेतृत्व के गुण विकसित करने के उपायों के बारे में प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन मान सिंह ने किया। इस कार्यक्रम में ग्रामीण अंचलों से आए हुए 40 युवा प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा प्रशिक्षण समापन के अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।





