कई स्थानों पर पकड़ी नकली 502 बीड़ी की बिक्री
निर्माता और विक्रेताओं को कड़ी हिदायत
मथुरा। जनपद में नकली 502 ब्राण्ड की बीड़ी धड़ल्ले से बनाई जा रही है और बाजारों में भी बेची जा रही है। पताका बीड़ी कंपनी जो इस उत्पादन की निर्माता है, उसके अधिकृत कोसीकलां प्रतिनिधि लक्ष्मण प्रसाद एण्ड कंपनी की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से अपील की गयी थी कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में इसका निर्माण और विक्रय हो रहा है जिस पर कार्यवाही आवश्यक है। पुलिस अधिकारियों से मिलने के उपरांत स्थानीय वितरक लक्ष्मण और कंपनी पताका बीड़ी की ओर से दिल्ली से आयी कंपनी की टीम ने जनपद के विभिन्न स्थानों पर नकली बीड़ी बेचने वाले विक्रेताओं के यहां छापामार कार्यवाही की जिसमें काफी मात्रा में नकली बीडि़यों का स्टाॅक मिला है। ऐसे वितरकों को कड़ी हिदायत और भविष्य में नकली बीड़ी न बेचने की चेतावनी दी गयी। पताका बीड़ी की ओर से आये अधिकारियों ने मथुरा के सौंख रोड, जयगुरूदेव मार्केट, होलीगेट, मंडी चैराहा स्थित कई दुकानों पर छापामार कार्यवाही की। जहां काफी संख्या में नकली बीड़ी मिली। जयगुरूदेव मार्केट में दो स्थानों पर, होलीगेट पर दो जगह, मण्डी चैराहे पर दो जगह, राया में दो जगह, वृन्दावन में दो जगह, शेरगढ में एक जगह, बल्देव में दो जगह नकली बीड़ी की बिक्री होती मिली जिस पर कंपनी के अधिकारियों ने आवश्यक कार्यवाही की। उन्होंने नकली बीड़ी उत्पादनकर्ता और विक्रेताओं को चेतावनी दी है कि वह भविष्य में इस प्रकार के नकली उत्पादन से बाज आयें वरना उनके खिलाफ कठोरतम विधिक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। उन्होंने जनमानस से भी अपील की है कि ऐसे नकली उत्पादों के बारे में कंपनी या अधिकृत विक्रेता को सूचित करें।





