मुलायम सिंह के पुराने जंगल राज की याद ताजा हुयी
मथुरा,। प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रविकान्त गर्ग ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री रहे श्री मुलायम सिंह यादव द्वारा नागरिक सुरक्षा संगठन के पुलिस महानिरीक्षक श्री अमिताभ ठाकुर को फोेन पर धमकी दिये जाने एवं अधिकारी द्वारा शिकायत किये जाने पर दुराचार का मुकदमा दर्ज कराने तथा हत्या की आशंका को प्रदेश के इतिहास की सर्वाधिक दुखःद एवं लोकतंत्र पर कालिख पोतने बाली घटना बताया है।
श्री गर्ग ने इस शर्मनाक घटना का वाॅयस टेप (वार्ता की रिकाॅर्डिग) सार्वजनिक होने के बाद सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और अन्य सपा नेताओं का शर्मिन्दगी के स्थान पर दूसरे ही दिन अपने ही शासन के बरिष्ठ अधिकारी अमिताभ ठाकुर के विरूद्ध दुराचार मामले की रिपोर्ट दर्ज करा देना को अत्यन्त बचकानी और ओछी हरकत करार दिया है। श्री गर्ग ने आरोप लगाया है कि वही जंगल राज उत्तर प्रदेश मे पुनः स्थापित हो गया है। श्री गर्ग ने कहा है कि अमिताभ ठाकुर व उनकी पत्नी नूतन ठाकुर के विरूद्ध छः माह पुरानी दुराचार की घटना के मुकदमे और सपा मुखिया द्वारा दी गयी धमकी के बाद सपा नेताओं द्वारा दी जा रही धमकियां एवं प्रदेश के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी, वर्तमान में पुलिस महानिरिक्षक अमिताभ ठाकुर द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त किया जाना लोकतंत्र पर कालिख पोतने वाली घटना है। श्री गर्ग ने इसके लिये सपा मुखिया मुलायम सिंह और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को प्रदेश की जनता से सार्वजनिक माफी मांगने की सलाह दी है। तथा जनता से स्वच्छ छवि के अधिकारी को न्याय दिलाने हेतु एकजुट होने की अपील की है।





