
नई दिल्ली : सरकार ने फैसला किया है कि प्रधान मंत्री जन धन योजना (पीएमजेडीवाई) के तहत खाताधारकों को उपलब्ध निम्नलिखित सुविधाएं मौजूदा खाताधारकों को भी मुहैया कराई जाएंगी जिसके लिए उन्हें संबंधित बैंक शाखा को आवेदन देना होगा :
1. एक लाख रुपये के दुर्घटना बीमा कवर वाला रुपे डेबिट कार्ड जारी करना।
2. कुछ समय तक खाते के संतोषजनक परिचालन के बाद 5000 रुपये की ओवरड्राफ्ट सुविधा देना।
प्रधानमंत्री जन धन योजना का उद्देश्य सभी लोगों की पहुंच बैंकिंग सुविधाओं तक सुनिश्चित करना है। इसके तहत देशभर में फैले सभी छह लाख गांवों को मानचित्र में चिह्नित करने के बाद उन्हें 1000-1500 परिवारों के उप सेवा क्षेत्रों में संगठित किया जाएगा और फिर उन्हें बैंकों के सुपुर्द कर दिया जाएगा ताकि वे या तो एक शाखा अथवा एक बिजनेस कॉरस्पोंडेंट के रूप में कम-से-कम एक बैंकिंग आउटलेट सुलभ करा सकें।
इस योजना के तहत हर परिवार का कम-से-कम एक बेसिक बैंक खाता खोला जाएगा। इस योजना के तहत 26 जनवरी, 2015 तक खाता खोलने वालों को 30,000 रुपये का अतिरिक्त जीवन बीमा कवर भी दिया जाएगा जिसके लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की जा रही है।
सरकार ने बैंकों से केवल एक सदस्य खासकर परिवार की महिला को 5,000 रुपये की उपर्युक्त ओवरड्राफ्ट सुविधा देने को कहा है।






Related Items
सबकी चेहती अक्षरा जल्द देंगी GOOD NEWS