जनपद में बढ़ रहे अपराधों को लेकर बसपाई एसएसपी कार्यालय के बाहर मीडिया से रूबरू होते हुए
मथुरा। बहुजन समाज पार्टी ने आज शनिवार जनपद में बढ रहे अपराधों को लेकर एसएसपी को ज्ञापन दिया। चार दर्जन के लगभग बसपाईयों ने आज कलैक्ट्रेट से एसएसपी आॅफिस तक प्रदर्शन किया और बढते अपराधों के खिलाफ नारेबाजी की लेकिन उस समय न तो एसएसपी मौजूद थे और न कोई और अधिकारी।
नारेबाजी कर बसपाईयों ने वहां मौजूद एसपी क्राइम को यह ज्ञापन सौंप दिया जिसमें कहा गया है कि वर्तमान में दलित, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, किसान, मजदूर, कमजोर वर्ग और व्यापारियों पर अत्याचार हो रहे हैं। चोरी-डकैती, लूट, अपहरण की घटनायें रूक नहीं रही हैं जिसका बसपा विरोध करती है। ज्ञापन में कहा गया है कि सिकंदराराऊ रेलवे स्टेशन पर गत दिन राष्ट्रीय स्तर के तलवारबाज होशियार सिंह, जो जमुनापार में रहता था, उसे सिपाहियों ने अवैध वसूली का विरोध करने पर रेल से धक्का देकर नीचे गिरा दिया जिससे उसकी मौत हो गयी। बसपा नेताओं ने खिलाड़ी की मृत्यु पर उसके सारे लाभ परिवार को देने और शहीद खिलाड़ी के नाम पर राष्ट्र एवं राज्य स्तरीय खेलकूद स्पर्धा का नाम रखने की मांग की है और खिलाड़ी की पत्नी को सरकारी नौकरी, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी और परिजनों को पचास लाख रूपये तथा हत्यारे सिपाहियों को बर्खास्त करने की मांग की है। बबूरी रिफाइनरी में दबंगों द्वारा दलित के घर में आग लगाने पर आज तक कार्यवाही न होने की निंदा की गयी। दघैंटा, बल्देव में हुयी लूट और गैस एजेंसी राया पर लूट, पडरारी में सामूहिक बलात्कार, बल्देव मैन बाजार में सर्राफा व्यापारी से लूट जैसे मामले सुलझाने की मांग बसपाईयों ने की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश कर्दम, विधायक राजकुमार रावत, वरिष्ठ नेता योगेश द्विवेदी, राजकुमार शर्मा इंजीनियर आदि मौजूद थे।
औपचारिक रहा प्रदर्शन
फोटो खिंचाने तक सीमित रहे नेता
मथुरा। बहुजन समाज पार्टी द्वारा आज बढते अपराधों को लेकर एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन और ज्ञापन का कार्यक्रम मात्र औपचारिक लगा। चार दर्जन के करीब नेता और कार्यकर्ता केवल फोटो खिंचाने और नाम चमकाने की फिराक में रहे। जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी मौजूद नहीं थे तो प्रदर्शन का औचित्य क्या था? वहीं नारेबाजी के बाद नेता अपनी-अपनी गाडि़यों में बैठकर रफूचक्कर हो गये। दस-पांच छोटे कार्यकर्ता जरूर मौजूद रहे।





