लवालव हुई जनपद की सड़कें, आवागमन हुआ बाधित
सरकारी दफ्तरों के बाहर जलभराव से लोगों को हुयी परेशानी
मथुरा। आज सुबह से ही मौसम ने अचानक करवट बदली। दो दिन से कोहरा और धुंध
के कारण परिवर्तन तो शुरू हो गया था लेकिन आज सुबह बादल घिरे रहे। हल्का
कोहरा था लेकिन उसके बाद अचानक बिजली कड़की और हल्की-फुल्की बूंदाबांदी
शुरू हुयी। कुछ देर बाद ही तेज बरसात शुरू हो गयी। लोगों को इससे बचना
पड़ा। तेज बरसात के कारण जगह-जगह जलभराव और चैराहों-तिराहों, सरकारी
कार्यालयों पर आवागमन बाधित रहा। कलैक्ट्रेट पर कई स्थानों पर जलभराव
देखा गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दफ्तर के बाद पानी भरा था तो
कलैक्ट्रेट वाले द्वार पर भी जलभराव से कैदियों को लाने-ले जाने में
पुलिसकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। सरकारी दफ्तरों पर अधिकांश जगह जलभराव
था। न्यायालय परिसर के बाहर कई स्थानों पर जलभराव के कारण वादकारियों को
परेशानी उठाते देखा गया। दीवानी न्यायालय परिसर के बाहर सड़क पर खड़े होने
वाले दुपहिया वाहनों के स्थानों पर जलभराव से वाहन पानी में डूबते नजर
आये। कच्चा स्थल होने के कारण एक चारपहिया वाहन उसमें फंस गया। बड़ी
मशक्कत के बाद उसे निकाला गया। चारों तरफ जलभराव नजर आ रहा था। शहर के
होलीगेट, पुराना बस स्टैण्ड स्थित रेलवे पुल के नीचे जलभराव तो अंबाखार
मार्ग पर पुल के नीचे भी जलभराव से आवागमन प्रभावित रहा। मुर्गा फाटक
रेलवे लाइन के पास चल रहे निर्माण और मिटटी के कारण कई वाहनों को निकलने
में परेशानी झेलनी पड़ी। चिकनी मिटटी से फिसल बढने के कारण दुपहिया वाहन
पलटते नजर आये। शहर के और भी स्थानों पर आज थोड़ी सी बरसात के बाद ही
जलभराव से लोगों को रूबरू होना पड़ा। मौसम में आये अचानक बदलाव और बरसात
के कारण बाजार भी प्रभावित रहे। हालांकि आज मंगलवार था लेकिन बरसात के
कारण मौसम में थोड़ी ठंडक जरूर हुयी। हालांकि हवायें न चलने से सर्दी तो
महसूस नहीं हुयी लेकिन पानी के प्रभाव के कारण ठण्डक जरूर महसूस की गयी।
डैम्पियर नगर क्षेत्र में लगने वाले साप्ताहिक मंगल बाजार पर भी बरसात का
असर देखने को मिला।





