
मथुरा। वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध मंदिर बांके बिहारी के सेवायतों में से एक आनंद गोस्वामी की यज्ञशाला से आज सुबह उनके तीन जवान नौकरों की लाशें एक साथ मिली हैं। तीनों नौकर भी मथुरा के यमुना पार अंतर्गत गांव जहांगीरपुर के मूल निवासी थे। आनंद गोस्मावी की बांके बिहारी के विशेष सेवायत गोस्वामियों से अपनी एक अलग छवि है और वह अक्सर लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बिंदु बने रहते हैं।
समाचार लिखे जाने तक प्राप्त जानकारी के अनुसार बांके बिहारी मंदिर के ही निकट गली में आनंद गोस्वामी ने यज्ञशाला बनाई हुई है। यज्ञशाला के पास ही आनंद गोस्वामी का निवास भी है, जहां वह परिवार सहित रहते हैं।
बताया जाता है कि आनंद गोस्वामी के यहां मथुरा के जमुनापार इलाके के जहांगीरपुर गांव निवासी 15 वर्षीय कल्याण, 18 वर्षीय गणेश तथा 25 वर्षीय मनोज पिछले करीब 3 साल से उनके यहां कार्यरत थे और यह तीनों ही यज्ञशाला में रहते थे।
आज सुबह इन तीनों के शव यज्ञशाला में पड़े पाये गये। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों की मौत एकसाथ होना संदेह प्रकट करता है। लोगों के अनुमान के अनुसार इन तीनों युवकों की मौत देर रात को ही हो गयी होगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों युवकों के शरीर पर किसी प्रकार के चैट के निशान भी नही दिखाई दिये।
एक साथ तीन युवकों की मौत का पता लगने पर एक ओर जहां मीडिया बिहारी जी मंदिर के इर्द-गिर्द जमा हो गया वहीं दूसरी ओर एसएसपी मंजिल सैनी सहित भारी मात्रा में पुलिस फोर्स भी वहां जा पहुंचा।
फिलहाल इन युवकों की मौत का कारण तो स्पष्ट नहीं हो सका है किंतु परिवारी जनों और ग्रामीणों ने इनकी हत्या किये जाने की आशंका व्यक्त की है। घटना स्थल पर मौजूद अधिकांश लोगों के अनुसार ये मौतें संदिग्ध तो हैं हीं और किसी बड़ी वारदात की संकेत दे रही हैं।
पुलिस ने बिहारी जी मंदिर की रसोई की ओर बने मंदिर के गेट नंबर पांच से लोगों अथवा श्रद्धालुओं का आवागमन पूरी तरह रोक दिया और युवकों की मौत के पीछे का रहस्य जानने की कोशिश कर रही है। आवागमन रोके जाने से बाॅके बिहारी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को भी काफी असुबिधा का सामना करना पड़ा। पूर्व में भी आनंद गोस्वामी विभिन्न कारणों से चर्चा में रहे हैं।






Related Items
सबकी चेहती अक्षरा जल्द देंगी GOOD NEWS