मथुरा। थाना वृंदावन क्षेत्र अंतर्गत पानीगांव संपर्क मार्ग के कच्चे रास्ते पर रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे सामान से भरा ट्रक धंस गया। जिससे उक्त मार्ग पर आवागमन करीब दो घंटे तक प्रभावित रहा। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। अनेक लोग विलंब होने पर मंदिरों के दर्शन से वंचित रह गए। अधिक मास के दौरान मांट पुल से परिक्रमा मार्ग पर चलने वाले बड़े वाहनों का प्रवेश प्रशासन ने बंद करा दिया था। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत यमुना एक्सप्रेस-वे से आने और जाने वाले वाहनों को मथुरा मार्ग पर बने सौ सैया अस्पताल से मांट पुल संपर्क मार्ग से गुजारा जाने लगा। हालांकि इस मार्ग का निर्माण अभी पूरी तरह कच्चा है फिर भी वाहन धीरे-धीरे चल रहे थे। लेकिन दो दिनों से हो रही बारिश के कारण यह मार्ग कई जगह से कच्ची मिट्टी के कारण कट कर धंसक चुका है। रविवार सुबह मांट की ओर से सामान से भरा ट्रक इस कच्चे मार्ग से मथुरा मार्ग की ओर आ रहा था, तभी वह गड्ढे में धंस गया। जिससे पीछे से आ रहे अन्य वाहन जहां के तहां खड़े हो गए। जबकि विपरीत दिशा मथुरा मार्ग से आ रहे दर्जनों वाहन भी रुक गए। इस बीच मांट पुल की ओर से आ रहे दो दर्जन कार चालकों ने जल्दबाजी करते हुए कम जगह में अपने वाहनों को निकलने का प्रयास किया। जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी संजय जयसवाल मौके पर गए और आनन-फानन में क्रेन मंगा कर ट्रक को गड्ढे के बाहर निकलवाया। तब कहीं दो घंटे बाद आवागमन सुचारू हो सका।





