
बार चुनाव में मतदान करने के मामले की करायी जायेगी जांच- विजयपाल तौमर
मथुरा। बार एसोसिएशन मथुरा के लगातार दूसरी बार अध्यक्ष चुने गये एडवोकेट विजय पाल सिंह तौमर ने आज शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में कहा कि एमबीए की छात्रा से बलात्कार का आरोपी पत्रकार व अधिवक्ता कमलकांत उपमन्यु मथुरा बार एसोसिएशन से निष्कासित था, निष्कासित है और निष्कासित ही रहेगा।
उन्होंने हमसे स्पष्ट किया कि कमलकांत उपमन्यु पर बलात्कार के मामले में गैर कानूनी तरीके से तफ्तीश बदलवाने के खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दाखिल की गई थी, जिस पर पांच लोगों को पार्टी बनाकर माननीय उच्च न्यायालय ने जवाब तलब किया है। यह मामला अभी लंबित है लिहाजा पुलिस द्वारा फाइनल रिपोर्ट लगा देने का कोई औचित्य नहीं है और न ही उस फाइनल रिपोर्ट को न्यायालय ने स्वीकार किया है। शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद जिला जज डीके सिंह, डीएम राजेश कुमार तथा एसएसपी मंजिल सैनी सहित तमाम अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं की मौजूदगी में बार के नव नियुक्त अध्यक्ष विजयपाल सिंह तोमर ने कहा कि इस बात की भी जांच कराई जायेगी कि बार से निष्कासित होने के बावजूद कमलकांत उपमन्यु ने बार के इन चुनावों में मतदान कैसे किया। उसे किसने यह अधिकार दिया और किस आधार पर दिया। इस अवसर पर उन्होंने अपने साथी अधिवक्ताओं से कहा कि वह भ्रष्टाचार से संबंधित अधिकारियों की शिकायत बेखौफ होकर बार एसोसिएशन में करें, उसकी निष्पक्ष जांच की जायेगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय से लेकर जनपद न्यायालय तक में प्रभावी कानूनी कार्यवाही कराने का प्रयास किया जायेगा।





