मथुरा। थाना नौहझील के एक बिल्डिंग मैटेरियल व्यापारी के घर में आज दिनदहाड़े हुयी लूट से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। बताया गया कि हथियारों से लैस तीन बदमाशों ने लूट की इस घटना को अंजाम दिया। बदमाश लाखों रूपये की नगदी, आभूषण और अन्य सामान लूटकर ले गये हैं। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस के होश उड़ गये हैं। पीडि़त महिला द्वारा शोर मचाए जाने पर एकत्रित हुए लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुॅची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक कस्बा नौहझील में स्थित अयोध्या कुंज कालौनी निवासी रवि कुमार गोयल पुत्र भानु प्रकाश का बिल्डिंग मैटेरियल का थोक व्यापार करते हैं। बाजना रोड पर उनकी दुकान है। रवि रोजाना की तरह शुक्रवार को अपनी दुकान गया था। घर पर उसकी पत्नी डाॅली अग्रवाल और बेटा मौजूद थे। बताया गया है कि दोपहर को तीन लोग बाइक पर उसके मकान के सामने आकर रुके और चचे घर पर हैं क्या की आवाज लगाई। आवाज सुनकर बाहर आई डाॅली को तमंचा दिखाकर तीन घर में दाखिल हो गए और जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच महिला का बेटा शोर सुनकर वहां पहुॅचा तो बदमाशों ने उसे भी गनपाॅइंट पर ले लिया और अलमारी की चाबियां मांगी। महिला के विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों को मारने की धमकी दी तो घबराई महिला ने बदमाशों को अलमारी की चाबियां दे दी इसके बाद बदमाशों ने अलमारी में रखे करीब 25 तोले सोने के आभूषण और छह लाख रुपए की नकदी पर हाथ साथ कर लिया। इसी दौरान महिला ने शोर मचा दिया तो बदमाश आनन-फानन में बाइक लेकर भाग निकले। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर एकत्रित हुए लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुॅची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीडि़त व्यापारी रवि ने पुलिस को तहरीर दी वहीं पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।





