तहसील दिवस व मुख्यमंत्री सन्दर्भित शिकायतें तत्काल निस्तारण की जाये- राजेश कुमार
कलैक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम राजेश कुमार एवं अन्य
मथुरा। जिलाधिकारी राजेश कुमार ने कहा है कि बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी पूरी तैयारी के साथ आयें और तहसील दिवस व मुख्यमंत्री सन्दर्भ की शिकायतों का निस्तारण तत्काल किया जाये। श्री कुमार आज यहां कलेक्ट्रेट के सभागार में विकास कार्यो की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। लो0नि0वि0 की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बैठक में अधिकारी सही तथ्यों को ही सामने लायें और अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाये वरना सम्बन्धित विभाग के अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि कार्यो की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाये और सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के अन्दर ही कराये जाये। राजस्व कार्यो की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि क्रमिक लक्ष्य को हर माह शत प्रतिशत पूरा किया जाये। लक्ष्य पूर्ति को अगले महीने के लिए टाला न जाये। परिवहन विभाग के कार्यो की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि मुख्यालय द्वारा लक्ष्य के बढा़ये जाने के कारण लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया जिसे सिरे से नकारते हुए जिलाधिकारी ने लक्ष्य पूर्ति के सख्त आदेश दिये। डीआरडीए का लक्ष्य पूरा न होने पर जिलाधिकारी ने कठोर रूख अपनाते हुए कहा कि यदि लक्ष्य पूरा नहीं होता है तो कार्यवाही हेतु विभाग को लिख दिया जायेगा। नगर पालिकाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने शासकीय अधिकारियों से कहा कि गृहकर और जलकर दोनों की स्थिति बहुत खराब है इसमें अधिक कार्य करने की आवश्कता है। उन्होेंने कहा कि स्वकर निर्धारण की नीति को लागू की जाये। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी मथुरा को निर्देश दिया है कि गृहकर व जलकर से जून माह में कम से कम 20-20 लाख का राजस्व आये। वृन्दावन नगर पालिका में वसूली अत्यन्त दयनीय होने पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया है कि लक्ष्य की पूर्ति होने पर टैक्स कलेक्टरों को जून माह का वेतन दिया जाये। जिलाधिकारी ने सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहा कि परिक्रमा मार्गो पर तत्काल और आज ही लाईट की व्यवस्था की जाये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आन्द्रा वामसी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन धीरेन्द्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी कानून व्यवस्था सुरेन्द्र शर्मा, उप जिलाधिकारी मांट अन्जनी कुमार सिंह सहित अन्य तहसीलों के उप जिलाधिकारी व तहसीलदार तथा अन्य सम्बन्धित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।





