मुख्य आरोपी फरार, दो गिरफ्तार
सीओ और कोतवाली प्रभारी की तेज कार्रवाई
कई पुलिसकर्मियों पर हो सकती है कार्रवाई
मथुरा। वृंदावन के भजनकुटी को उजाड़न ेवाले भूमाफियाओं के खिलाफ वृंदावन कोतवाली प्रभारी सक्रिय हो गए हैं।
सीओ के निर्देशन में दोषियों के घरों पर ताबड़ तोड़ दबिशें दी जा रही है। दो लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर है। वहीं इस घटना में कुछ पुलिसकर्मियों की संदिग्ध भूमिका के चलते उनके खिलाफ जांच जारी है। संभावना है जल्द ही ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
भूमाफियाओं द्वारा बुलडौजर व हथियारों के बल पर भजनकुटी को उजाड़ देने के मामले में लखनऊ स्तर से स्थानीय पुलिस की गई खिंचाई के बाद अब पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। एसपी सिटी की इस मामले में भूमिका पूरी तरह सही रही है। उनके द्वारा इस मामले में शामिल कुछ पुलिस कर्मचारियों के रिकाॅर्ड खंगाले जा रहे है और संभावना है कि इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो सकती है। एसपी सिटी ने कोतवाली में इसको लेकर जांच भी शुरू कर दी है।
वे ड्यूटी रजिस्टर अपने साथ ले गए हैं, जांच की जा रही है। इस मामले में डीआईजी लक्ष्मी सिंह भी यहां पहुंची थी, पुलिस की संदिग्ध भूमिका के चलते ऊपर से लगी फटकार के बाद सक्रिय हुई पुलिस अब दोषियों को चिन्हित करने में लगी है।
वहीं आज इस प्रकरण में कोतवाली वृंदावन का कार्यभार संभालने वाले प्रभारी उदय प्रताप ने क्षेत्राधिकारी आरके गौतम के निर्देशन में घटना में दोषी लोगों के घरों पर दबिश दी।
दो लोगों को हिरासत में लिया गया है जबकि राजपुर में निवास करने वाले घटना के मुख्य आरोपी पुलिस कार्यवाही से घबराकर फरार हो गया है। पुलिस घटना में शामिल दोषियों के घर दबिश दे रही है। जल्द ही इनके खिलाफ कार्यवाही की संभावना है।
कुटिया निर्माण में दानदाता आ रहे हैं सामने
मथुरा। वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित भजनकुटी को भूमाफियाओं द्वारा तहस-नहस किए जाने के बाद वहां रहने वाले साधु-संत और महिलाएं सड़क पर आ गई। इस सब के बाद जहां साधु संतों में भारी नाराजगी है वहीं वृंदावन और मथुरा के राजनैतिक दलों के नेता और समाजसेवी भजनकुटी की मदद के लिए सामने आ गए हैं। निर्माण कार्य शुरू किए जाने और जल्द ही सड़कों पर बैठे साधु संतों को फिर से छत के नीचे बिठाने के लिए राजनैतिक और सामाजिक लोग सामने आए है।
मथुरा-वृंदावन के विधायक प्रदीप माथुर ने भजनकुटी निर्माण के लिए 51 हजार रुपए, सपा महानगर अध्यक्ष डा. अशोक अग्रवाल 21 हजार रुपए तथा वृंदावन के चेयरमैन मुकेश गौतम 51 हजार रुपए और सुनील चतुर्वेदी 11 हजार रुपए देने की घोषणा की है। वहीं एक शिक्षण संस्थान सीके पब्लिक स्कूल द्वारा 50 बोरी सीमेंट देने की घोषणा की है। समाज का अन्य वर्ग भी कुटिया को खड़ा करने में सहयोग के लिए आगे आ रहा है। यह अच्छी बात है।





