मथुरा। आश्रम की जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य को भूमाफियाओं द्वारा रूकवाने एवं अष्टसखी कुण्ड की जमीन बताकर धार्मिक उन्माद फैलाने तथा प्रशासनिक अधिकारियों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए आश्रम के संत केशवदास निवासी राधाकुण्ड गोवर्धन मथुरा ने विकास प्राधिकरण एवं तहसीलदार मथुरा की जांच आख्या प्रस्तुत करते हुए जिलाधिकारी से उक्त भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने एवं आश्रम के निर्माण में इनके हस्तक्षेप को रोकने की मांग की है।
थाना व कस्बा गोवर्धन के राधाकुण्ड निवासी बाबा केशवदास चेला आनंददास का आरोप है कि कस्बे के ही कुछ भूमाफिया उक्त आश्रम की जमीन पर कब्जा करने के प्रयास में हैं। जिसके चलते उक्त जमीन को अष्टसखी कुण्ड की जमीन बताते हुए निर्माण कार्य रूकवाने के प्रयास में जुटे हैं। जबकि राजस्व निरीक्षक गोवर्धन एवं लेखपाल राधाकुण्ड की रिपोर्ट के अनुसार उक्त आश्रम की जमीन आबादी में दर्ज है एवं खसरा सं. 58 में स्थित है। जबकि अष्टसखी कुण्ड खसरा सं. 20, 30 व 41 में स्थित है। राजस्व टीम ने उक्त जमीन को किसी भी विवाद से परे बताते हुए उपजिलाधिकारी सदर को अपनी रिपोर्ट भी सौंपी जा चुकी है। नगर पंचायत राधाकुण्ड ने भी उक्त जमीन पर निर्माण को अनापत्ति प्रमाण पत्र दिया गया है। उक्त साधू ने अधिकारियों से आरोपी भूमाफिया के कारनामों पर रोक लगाने की मांग जिला प्रशासन से की है।





