मथुरा। जिलाधिकारी निखिल चन्द्र शुक्ल के निर्देशन में श्रावस्ती मॅाडल पर जनपद में भूमि विवादों के निस्तारण हेतु गठित टीमों द्वारा अभियान के पांचवें दिन आज मंगलवार 25 ग्रामो में चिन्हित 145 में से 142 मामलों का आपसी सुलह समझोते के आधार पर मौके पर ही निस्तारण किया। राजस्व, पुलिस, विकास आदि विभागों की सभी 25 संयुक्त टीमों के लिये राजस्व विभाग से टीम प्रभारियों के अलावा सभी अपर जिलाधिकारियों ने अपर पुलिस अधीक्षकों एवं उप जिलाधिकारियो ने क्षेत्राधिकारियों के साथ भ्रमण कर कार्यवाही का जायजा लेते हुए टीमों का सहयोग एवं मार्गदर्शन किया। डीएम ने बताया कि पहले चरण के पांच दिवसीय अभियान के दौरान 125 ग्रामों के चिन्हित 806 में रिकाॅर्ड 731 मामलों का निस्तारण किया गया और न्यायालयों में विचाराधीन 75 मामले निर्णय हेतु छोडे गये। उन्होंने बताया कि इसके उपरान्त शेष ग्रामों में जुलाई, अगस्त के दौरान 8-8 दिवसों पर और सितम्बर में शेष सभी गांव के भूमि विवाद निस्तारित किये जायेंगे। ज्ञातव्य रहे जिलाधिकारी निखिल चन्द्र शुक्ल के निर्देशन में श्रावस्ती मॅाडल पर जनपद में भूमि विवादों के निस्तारण हेतु गठित टीम जीडी में अंकन के साथ ग्रामों में जाकर सुलह समझौते के साथ भूमि विवाद निस्तारण के उपरांत वापस थाने पहुॅच आमद कराते हुए सूचना तथा विवाद निस्तारण का संक्षिप्त विवरण जीडी में दर्ज करके उसकी नकल प्राप्त कर रही है। इस कार्यवाही के उपरान्त किसी के द्वारा पुनः अतिक्रमण किए जाने पर डी.एम.के निर्देशानुसार अभिलेखीय साक्ष्यों के अनुसार प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही तय है।





