लखनऊ स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल राम नाइक एवं अतिथि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को श्रीकृष्ण जन्म की बधाई देकर सम्मानित करते श्री बाबूलाल महाविद्यालय गोवर्धन के डायरेक्टर नन्दकिशोर शर्मा एडवोकेट व अन्य
कार्यक्रम में मुख्यसचिव एवं डीजीपी ने की शिरकत
गोवर्धन को तहसील बनाये जाने पर दी बधाई
गोवर्धन क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया
मथुरा। सूबे की राजधानी लखनऊ के रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल एवं विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ब्रज की संस्कृति से अभिभूत नजर आये। उनको ब्रज भूमि से पहुंचकर लोगों ने श्रीकृष्ण जन्म की बधाई दी। जब मुख्यमंत्री को गोवर्धन तहसील बनायी जाने की बधाई के साथ यहां की अन्य समस्याओं का ज्ञापन सोंपा तो उन्होंने आश्वस्त किया कि अन्य विकास योजनाएं भी जल्द पूरी हो जाएंगी। लगातार तीन वर्ष से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर राजधानी लखनऊ में ब्रज के एक प्रतिनिधि मंडल को बुलाया जाता है। इस अवसर पर श्रीबाबूलाल महाविद्यालय केे डायरेक्टर नंदकिशोर शर्मा एडवोकेट ने गोवर्धन को तहसील बनाये जाने पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को बधाई दी। क्योंकि पिछली साल इसी मंच पर उन्होंने मुख्यमंत्री को तहसील की आवश्यकता पर ज्ञापन दिया था जो कि मांग शासन की पूरी की गई। इस बार मुख्यमंत्री को सोंपे ज्ञापन में डायरेक्टर नंदकिशोर शर्मा एडवोकेट ने नगर पंचायत गोवर्धन को नगर पालिका का दर्जा, परिक्रमा मार्ग में तीर्थयात्रियों की आने वाली गाड़ियों को देखते हुए यातायात के जाम की समस्या के हल के लिए मल्टी स्टोरेज कार पार्किंग, संपूर्ण परिक्रमा मार्ग के लिए श्राइन बोर्ड, गोवर्धन क्षेत्र के लिए 24 घंटे विद्युत आपूर्ति, परिक्रमा मार्ग में गिरिराज जी पर चढ़ने वाले मिलावटी नकली दूध को रोकने, संपूर्ण परिक्रमा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्थाओं में कोतवाली के दर्जा के साथ-साथ दो स्थाई पुलिस चैकी परिक्रमा मार्ग में बनाये जाने एवं मथुरा ब्लाॅक के अति पिछड़े ग्राम कोन्हई को लोहिया ग्राम विकास योजना में शामिल करने की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आश्वस्त किया कि वे गोवर्धन क्षेत्र के विकास के संकल्पित हैं, सभी विकास की योजनाओं को पूरा करा दिया जाएगा। इस मौके पर राज्यपाल राम नाइक का मुकुट पहनाकर स्वागत किया एवं मुख्यमंत्री के साथ-साथ मुख्य सचिव आलोक रंजन, उनकी पत्नी सुरभि रंजन, डीजीपी जगमोहन यादव, कारागार मंत्री अभिषेक मिश्रा, आईजी लखनऊ जकी अहमद, डीआईजी देवेन्द्र कुमार चैधरी, एसएसपी राजेश पांडेय, आरआई प्रथम रीडर राजेश चतुर्वेदी आदि को गिरिराज जी का स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं इस अवसर पर ब्रज की संस्कृति की अनूठी छटा से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं ब्रज की होली पर श्रीगिर्राज कृष्ण सांस्कृतिक कला समिति की ओर से मुरारी लाल तिवारी, छैलबिहारी, गोविंद आदि के द्वारा दी गई प्रस्तुति पर अतिथि भावविभोर नजर आये। इस अवसर पर श्रीबाबूलाल महाविद्यालय के डायरेक्टर नंदकिशोर शर्मा, भारत उपाध्याय, कृष्ण चन्द्र दुबे, किशनो शर्मा पहलवान आदि थे।





