सुभाष नगर स्थित नाले के ऊपर बने अवैध अतिक्रमण और दुकानों को ध्वस्त करता बुलडोजर
एक ही स्थान पर चले बुलडोजर से लोगों में रोष
दुकानदारों में मची रही अफरा तफरी
मथुरा। प्रशासन द्वारा कल नगर पालिका को अतिक्रमण अभियान के तहत तोड़े गये अवैध निर्माणों को दुकानदारों द्वारा पुनः स्थापित कर लेने की शिकायतों पर अल्टीमेटम देकर तत्काल ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्यवाही करने के आदेश दिये जाने के बाद आज विकास बाजार से चले अतिक्रमण हटाओ अभियान में सिर्फ सुभाष बाजार नाले पर लगा अतिक्रमण हटाया गया। क्षेत्रीय लोगों ने चर्चा थी कि किसी व्यक्तिगत विरोध के कारण यह अतिक्रमण हटाया गया है। वहीं महाबली द्वारा इस अतिक्रमण के अन्य किसी भी स्थान पर अतिक्रमण नहीं हटाया गया। जबकि क्वालिटी तिराहे से लेकर विकास बाजार और सुभाष बाजार तक अवैध अतिक्रमण की लंबी लाइन है लेकिन महाबली द्वारा केवल नाले के ऊपर बने अतिक्रमण को ही आज हटाया गया। इसको लेकर आसपास के दुकानदारों में पालिका- प्रशासन के इस रवैय को लेकर बेहद नाराजगी देखी गयी। इस अभियान में गुरूद्वारे के नीचे किये जा रहे अवैध अतिक्रमण को नहंी हटाया गया। नगर पालिका के बुल्डोजर पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में अतिक्रमण हटा रहे थे। पूरे शहर में इस खबर के बाद अतिक्रमणकारियों में खलबली देखी गयी। गुरूवार होने के बाद भी बाजारों में मंगलवार जैसी अघोषित छुटटी का माहौल नजर आया। अतिक्रमण को लेकर आपस में चर्चा करते दुकानदारों के कारोबार आज सुबह से ही प्रभावित रहे। जिन दुकानदारों ने पुनः अतिक्रमण किया है वे फिर चिंतित नजर आये। अतिक्रमण हटाने को लेकर पूरे दिन भर अफरा तफरी का माहौल बना रहा। जिला प्रशासन के आदेश के बाद नगर पालिका के कर्मचारी अतिक्रमण हटाते देखे गये। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी भी रही। सबसे पहले सुभाष नगर पर बनी जूस की दुकानों और नाले पर रखी हुयी टीन की दुकानों पर बुलडोजर चला। देखने वालों की भीड़ लगी रही। आगरा रोड के बाजार के व्यापारी अतिक्रमण हटाने वाली टीम को निहारते रहे।





