मथुरा। जिलाधिकारी राजेश कुमार के निर्देशानुसार तहसील महावन के सभाकक्ष में तहसील दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी आंद्रा वामसी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। आज प्राप्त 148 शिकायतों में से 03 का मौके पर निस्तारण कर शेष को सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को सौपते हुए उन्होंने निर्देश दिये कि इन आवेदन पत्रों का निस्तारण प्रत्येक दशा में एक सप्ताह में करना सुनिश्चित करें। और यदि उनके निस्तारण में कोई समस्या आये तो उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए उनसे मार्ग निर्देशन लेकर उसका निस्तारण समय सीमा के अन्दर गुणवत्ता के आधार पर करें। उन्होंने यह भी सलाह दी कि मौके पर जाकर समस्या की जानकारी कर उसका सही ढंग से निस्तारण किया जायें एक पक्ष को सुनकर शिकायत का निस्तारण न किया जायें ताकि किसी अन्य को शिकायत का मौका न मिले।
उन्होंने यह भी कहा कि भ्रमण पर जाते समय शिकायत कर्ता से मिलकर शिकायत की गम्भीरता को समझा जायें और उसके बाद ही उसका निस्तारण किया जायें कोई भी शिकायत अधिक समय तक लंबित नहीं रहनी चाहिये। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से सम्बन्धित आवेदनों को तत्काल कार्यवाही करते हुए निस्तारण की कार्यवाही की जायें। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी महावन चन्द्र विजय सिंह, एस0पी0 आर0ए0 सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक आदि उपस्थित थे।





