मथुरा। शहर के एक प्रतिष्ठित महाविद्यालय द्वारा पूर्व छात्रों के कागजातों का दुरूपयोग कर लाखों छात्रवृत्ति हडपने का मामला प्रकाश में आया है।
मामला शहर के गोवर्धन चैराहा एनएच-2 स्थित श्रीगिर्राज महाराज कालेज का है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस कालेज से शैक्षणिक वर्ष 2012-13 में कुछ छात्रों ने बीएड में प्रवेश लिया। कोर्स पूरा करने के बाद छात्रों ने कालेज छोड दिया। मगर इस बैच के कुछ बच्चों का नाम अभी भी ऑनलाइन छात्रवृत्ति स्टेटस में चल रहा है। यहां से बीएड करने वाली लक्ष्मी कुमारी व मनोज कुमार अभी भी इस कालेज से छात्रवृत्ति ले रहे हैं। दरअसल, यह कारनामा कालेज प्रशासन की करतूत है। बताते हैं कि कालेज प्रबंधन ने इन छात्रों को पुनः बीबीए की कक्षा में दाखिल दर्शाया है उनके नाम पर छात्रवृत्ति हडपी जा रही है। इन बच्चों के नाम शैक्षणिक वर्ष 2013-14 में दर्शाये गए हैं। छात्रवृत्ति के लिए बाकायदा आवेदन किया गया, फर्जी बैंक खाता भी कैनरा बैंक में खुलवाया गया। इस बैंक एकाउंट के जरिए छात्रों के लिए आने वाली छात्रवृत्ति का गबन किया जा रहा है। यह खुलासा ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन के उपाध्यक्ष जीसस चतुर्वेदी ने किया है। जीसस चतुर्वेदी के मुताबिक कालेज प्रशासन छात्रों के कागजातों का दुरूपयोग कर स्कॉलरशिप हडप रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व जिलाधिकारी निखिल चन्द्र शुक्ला से भी की है।





