मथुरा। भूतेश्वर क्षेत्र स्थित फायर बिगे्रड दफ्तर जाने वाले कच्चे रोड पर बने एक कुएं में गिरकर एक विवाहिता की मौत हो गई। मानसिक रूप से विक्षिप्त इस महिला के गिरते ही दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। शव पुलिस ने कब्जे में कर लिया है।
मृतका मंजू 30 पत्नी राकेश निवासी कैलाश नगर थाना कोतवाली की निवासी थी। मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण वह पिछले 3 साल से अपने मायके में रह रही थी। घटनाक्रम के मुताबिक आज प्रातः मंजू घर से टहलने की कहकर निकली और भूतेश्वर क्षेत्र स्थित फायर स्टेशन जाने वाले रास्ते की ओर निकल पडी। अचानक उसका संतुलन बिगडा और वह पास में ही बने एक कुएं में सीधी जा गिरी। चीख-पुकार की आवाज सुनकर वहां मौजूद दमकल कर्मी दौड़े-दौड़े पहुंचे, कुएं में महिला को गिरा देख उन्होंने फौरन बचाव कार्य प्रारंभ किया।
घंटों की कडी मशक्कत के बाद कुएं से महिला को निकाला जा सका, मगर जब तक काफी देर हो चुकी थी। इस बीच किसी ने महिला की शिनाख्त की तो पुलिस ने घटना से परिजनों को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि मंजू मानसिक विक्षिप्त थी। शव पुलिस ने कब्जे में कर लिया है।





