मथुरा। परिक्रमा मार्ग में लूट की घटनाओं का सिलसिला नहीं थम रहा है। गोवर्धन थाने की पुलिस की शिथिलता के चलते पीड़ित अब थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराने से भी कतरा रहे हैं। बीती रात दिल्ली की एक श्रद्धालु महिला का बाइक सवार लुटेरे बैग छीनकर भाग गये जिसमें तीन हजार रूपये नगद और एक मोबाइल था। मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली की रहने वाली राजेश गुप्ता पत्नी हरिचंद गुप्ता गोवर्धन परिक्रमा लगाने को आयी थीं। रात्रि करीब ढाई बजे वह परिक्रमा के दौरान राष्ट्रीय इंटर कालेज के पास पंहुची थी तभी दो बाइक सवार बदमाश ने उनके हाथ से बैग छीन लिया और भाग गये। महिला के अनुसार बैग में करीब तीन हजार रूपये और एक मोाबइल था। बताते हैं कि इसकी शिकायत लेकर महिला गोवर्धन थाने भी पंहुची लेकिन पुलिस और कोर्ट के चक्करों से बचने के लिये वह लूट की रिपोर्ट दर्ज किये बिना वहां से चली गयी। ज्ञात रहे कि अभी कुछ दिनों पूर्व ही एक विदेशी श्रद्धालु महिला से बाइक सवार लुटेरों ने लूट की थी। गोवर्धन पुलिस लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है।





